छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता, 5 लाख का इनामी नक्सली ढेर

3 Min Read

Naxalite killed in Chhattisgarh encounter

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा-बीजापुर सीमा क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 लाख रुपये के इनामी नक्सली को मार गिराया। मुठभेड़ में मारे गए नक्सली की पहचान भैरमगढ़ एरिया कमेटी के एसीएम (एरिया कमेटी मेंबर) राजेश पुनेम के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एसएलआर, इंसास राइफल, पिस्टल समेत बड़ी मात्रा में हथियार और नक्सली सामग्री बरामद की है। इस कार्रवाई को सुरक्षाबलों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।

गुप्त सूचना के आधार पर चलाया गया ऑपरेशन

पुलिस के अनुसार तीन मार्च को थाना गीदम क्षेत्र के ग्राम गुमलनार, गिरसापारा और नेलगोड़ा के जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सलियों द्वारा हथियार और अन्य सामग्री छिपाकर रखने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा के निर्देश पर डीएसपी राहुल कुमार उइके के नेतृत्व में डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम को सर्चिंग अभियान के लिए रवाना किया गया। सुरक्षाबलों की टीम इलाके में लगातार तलाशी अभियान चला रही थी।

घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने किया हमला

सर्चिंग के दौरान जब सुरक्षाबल संदिग्ध इलाके की ओर बढ़ रहे थे, तभी पहले से घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार करीब 8 से 10 नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर तक चली मुठभेड़ के बाद नक्सली जंगल का फायदा उठाकर भागने लगे। बाद में इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन चलाया।

मौके से बरामद हुए हथियार और नक्सली सामग्री

मुठभेड़ के बाद जब इलाके की तलाशी ली गई तो वहां एक नक्सली का शव बरामद हुआ। बाद में उसकी पहचान राजेश पुनेम के रूप में हुई, जिस पर सरकार ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। घटनास्थल से एसएलआर, इंसास राइफल, पिस्टल, वॉकी-टॉकी, मैगजीन, जिंदा और खाली कारतूस समेत कई नक्सली सामग्री भी बरामद की गई।

बीजापुर में भी दो नक्सली मारे गए

इसी दौरान बीजापुर जिले में भी सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में दो नक्सली मारे गए, जिनमें एक महिला भी शामिल है। दोनों पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। मौके से एसएलआर और इंसास सहित कई हथियार भी जब्त किए गए।

Share This Article