रांची। गर्मियां शुरू हो गई हैं। इसके साथ ही पेयजल की किल्लत भी राजधानीवासी झेलने लगे हैं। शहर के कई इलाकों में भूजल स्तर नीचे चला गया है।
राजधानी के कई इलाकों में पानी की किल्लत शुरू हो गई है। इसे देखते हुए रांची नगर निगम ने एक्शन प्लान बना लिया है।
इस बार 350 से अधिक इलाकों में टैंकर से पानी सप्लाई का रोडमैप तैयार कर लिया गया है। लोगों को अपने घरों के पास ही पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
जरूरत पड़ने पर सप्लाई का रोटेशन बढ़ाने की भी योजना है। अभी मार्च पूरा बीता भी नहीं है कि तापमान जलाने लगा है और जल के स्रोत सूखने लगे हैं।
कई इलाके में जल संकट की समस्या भी शुरू हो गई है। मालूम हो कि पिछले साल नगर निगम ने 312 इलाकों को ड्राई जोन चिन्हित किया था।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल निगम के पास नए पुराने मिलाकर 75 पानी टैंकर है। निगम क्षेत्र में लगे करीब 2500 हैंडपंपों की दोबारा जांच के आदेश दिये गये हैं।
इसके अलावा निगम क्षेत्र में लगे 1800 मोटरों की मरम्मत का भी निर्देश दिया गया है। एक अधिकारी की माने तो 53 वार्डों में चार इलाके तो ड्राई जोन घोषित है।
डोरंडा, हरमू, मधुकम, कांके में तो पानी का लेवल नीचे जा चुका है। बोरिंग से पानी कभी आ रहा है तो कभी नहीं। ऐसे में इस बार भी हर इलाके में पानी पहुंचाना निगम के लिए बड़ी चुनौती है।
इसे भी पढ़ें