Big announcement by India alliance:
पटना, एजेंसियां। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले विपक्षी INDIA गठबंधन ने बड़ा दांव खेला है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बिहार चुनाव प्रभारी अशोक गहलोत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घोषणा की है कि तेजस्वी यादव गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे, जबकि विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी को उप मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया गया है।गहलोत ने यह भी संकेत दिया कि बिहार में सत्ता में आने पर एक से अधिक उप मुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। उनके इस बयान के बाद यह अटकलें तेज हो गई हैं कि गठबंधन में शामिल कांग्रेस पार्टी को भी उप मुख्यमंत्री पद मिल सकता है, क्योंकि अब तक कांग्रेस के हिस्से कोई बड़ा पद नहीं आया है।
मुकेश सहनी का एनडीए पर पलटवार
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए मुकेश सहनी ने भाजपा और एनडीए पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “बीजेपी ने हमारी पार्टी को तोड़ा, हमारे विधायकों को खरीदा। तब हमने संकल्प लिया था कि जब तक बीजेपी को तोड़ेंगे नहीं, तब तक छोड़ेंगे नहीं। अब वह समय आ गया है — बिहार में हम अपनी सरकार बनाएंगे।”
सहनी ने किया दावा
सहनी ने दावा किया कि महागठबंधन अब पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है और सभी दल एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार जनता बदलाव चाहती है और बिहार में विकास, रोजगार और सामाजिक न्याय को प्राथमिकता देने वाली सरकार बनेगी।
जानकारी के मुताबिक, सीट बंटवारे के दौरान वीआईपी प्रमुख सहनी नाराज चल रहे थे, लेकिन आरजेडी नेतृत्व ने बातचीत के बाद उन्हें मना लिया। अब उप मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित होने के बाद महागठबंधन के भीतर एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की जा रही है।
इसे भी पढ़ें
राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवारों की सूची में आरपीएन सिंह, सुधांशु त्रिवेदी के नाम शामिल