Moradabad celebrates Diwali:
मुरादाबाद, एजेंसियां। इस बार मुरादाबाद में दीपावली का त्योहार अयोध्या की भव्य दीपोत्सव परंपरा की तर्ज पर ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने बताया कि शहर में दीपावली, छठ पूजा और देव दीपावली के पर्व के मद्देनजर विशेष तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुद्धि विहार मैदान में 11 लाख दीपक जलाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे मुरादाबाद प्रदेश के प्रमुख जिलों में अपनी भव्य दीपावली के लिए जाना जाएगा।
साथ ही 1,500 ड्रोन के माध्यम से आकाश में अद्भुत प्रकाश प्रदर्शन होगा, जो भगवान राम की अयोध्या वापसी की कथा और मुरादाबाद की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करेगा। नगर आयुक्त ने बताया कि शहर के छह प्रमुख स्थानों पर फूलों से बने भव्य धार्मिक मॉडल भी सजाए जाएंगे, जिनमें भगवान गणेश, माता लक्ष्मी और भगवान श्रीराम सहित अन्य देवी-देवताओं के स्वरूप शामिल होंगे।
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर के विभिन्न हिस्सों में लगाए गए स्मार्ट लाइट, फव्वारे और डेकोरेटिव पोलों की मरम्मत व सजावट का कार्य भी पूरा कर दिया गया है। नगर निगम ने मुख्य मार्गों, चौराहों और गली-मोहल्लों में सफाई अभियान चलाकर शहर को पर्व के लिए पूरी तरह तैयार किया है।
नगर आयुक्त ने नागरिकों से की अपील
नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस पर्व को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से मनाएं। उन्होंने कहा कि इस दीपोत्सव से न केवल रोशनी और खुशियों का अनुभव होगा, बल्कि मुरादाबाद की संस्कृति, सौंदर्य और एकता का प्रतीक भी बनेगा।
इस आयोजन से मुरादाबाद के नागरिकों को पहली बार 1500 ड्रोन के लाइट शो का रोमांचक अनुभव मिलेगा और शहर में दीपावली का उत्सव ऐतिहासिक रंग लेकर आएगा। नगर निगम और जिला प्रशासन मिलकर इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।
इसे भी पढ़ें
Diwali snacks: दिवाली की रौनक बढ़ाएंगे ये 5 झटपट और टेस्टी स्नैक्स के साथ, सिर्फ 15 मिनट में तैयार