चंडीगढ़, एजेंसियां। पंजाब के किसानों ने अब राज्य सरकार के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। किसान मजदूर मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के बैनर तले किसानों ने पंजाब के मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्रियों और विधायकों के आवासों को घेरने का प्रयास किया। इसके चलते पुलिस और किसानों के बीच कई जगह भारी झड़प भी हुईं।
बीते 19 मार्च को केन्द्र सरकार के साथ सातवें दौर की बातचीत के बाद पंजाब पुलिस ने किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल, सरवण सिंह पंधेर समेत अन्य किसान नेताओं को अलग-अलग जगह से हिरासत में ले लिया था। इसके बाद दोनों बॉर्डर खाली करा लिये गये थे। 20 और 21 मार्च से दोनों बॉर्डर पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गयी है।
पंजाब सरकार की कार्रवाई से नाराज हैं किसानः
पंजाब सरकार की इस कार्रवाई से गुस्साये किसानों ने आज प्रदेश सरकार के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया। पंजाब में किसानों ने जालंधर में कैबिनेट मंत्री महेंद्र भगत के घर की तरफ कूच किया, तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसे लेकर वहां हंगामा हो गया। यहां पुलिस ने किसानों पर लाठीचार्ज भी किया। हंगामे के बाद किसानों ने कुछ समय के लिए यहां धरना भी दिया।
इस बीच किसानों ने पंजाब के अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, गुरदासपुर, पठानकोट, फिरोजपुर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, जालंधर, पटियाला, मानसा व संगरूर जिलों में करीब दो दर्जन स्थानों पर रोष प्रदर्शन किया।
इसे भी पढ़ें
पंजाब पुलिस की सख्त कार्रवाई: किसानों को धरनास्थल से हटाया, 200 हिरासत में









