भारत में भगवान राम का विरोध करने वालों का पतन हुआ है: राजनाथ सिंह

2 Min Read

कासरगोड (केरल) : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने बुधवार को दावा किया कि भारत में जिसने भी भगवान राम का विरोध किया है उसका पतन हुआ है और यही देश में कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के साथ हुआ।

सिंह ने आरोप लगाया कि दोनों दल भगवान राम या रामनवमी के महत्व को नहीं समझते। कांग्रेस और माकपा विपक्षी गुट ‘इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) का हिस्सा हैं।

भाजपा नेता ने एक चुनावी बैठक में कहा,‘‘ उन्होंने राम नवमी का पर्व मनाने में बाधा डाली। हम सबको मालूम है कि भारत में जिसने भी भगवान राम का विरोध किया है उसका पतन हुआ है और यही देश में कांग्रेस और माकपा के साथ हुआ है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है और वह देश की सबसे विश्वसनीय राजनीतिक पार्टी है।

उन्होंने कहा कि दूसरी ओर कांग्रेस और कम्युनिस्ट दलों की कथनी और करनी में अंतर है।

सिंह ने कहा कि आत्मविश्वास से परिपूर्ण भाजपा को इस लोकसभा चुनाव में केरल में दोहरे अंक में सीट मिलेंगी।

केरल में 26 अप्रैल को लोकसभा चुनाव होंगे और मतगणना चार जून को होगी।

इसे भी पढ़ें

हजारीबाग में रामनवमी का जुलूस रोकने पर बवाल

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं