अमेरिका में मंदी की आशंका से सेंसेक्स 2,400 अंक गिरा, 78,600 के करीब पहुंचा [Sensex fell 2,400 points due to fear of recession in America, reached near 78,600]

3 Min Read

निवेशकों के ₹17 लाख करोड़ डूबे; जापान का बाजार 9% टूटा

मुंबई, एजेंसियां। अमेरिका में मंदी की आशंका के चलते हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी आज 5 अगस्त को सेंसेक्स में 2,400 अंकों से ज्यादा की गिरावट है।

ये 78,600 के करीब आ गया है। वहीं, निफ्टी में भी करीब 700 अंक की गिरावट है, ये 23,900 के स्तर पर आ गया है।

आज के कारोबार में निफ्टी रियल्टी, बैंक, मेटल और ऑटो इंडेक्स में 4% से ज्यादा की गिरावट है। वहीं आईटी, मीडिया और ऑयल इंडेक्स भी करीब 3% नीचे हैं। सेंसेक्स के टॉप लूजर्स में टाटा मोटर्स, मारुति, टाइटन और टाटा स्टील हैं, जो करीब 4% नीचे हैं।

ईरान-इजराइल युद्ध की आशंका

ईरान और इजराइल के बीच युद्ध की आशंका के कारण ग्लोबल मार्केट में निगेटिव सेंटिमेंट है। इसी का असर भारतीय शेयर बाजार में भी देखने को मिल रहा है।

अमेरिका में मंदी की आशंका बढ़ गई है, जिसके कारण पिछले कारोबारी दिन अमेरिकी बाजार में गिरावट रही। इसका असर दुनियाभर के बाजारों में दिख रहा है।

वॉरेन बफे की कंपनी बर्कशायर हैथवे ने एपल में अपनी 50% हिस्सेदारी बेच दी है। वे अब केश बढ़ाने पर फोकस कर रहे हैं। अन्य बड़े निवेशक भी सेलिंग कर रहे हैं।

भारतीय शेयर बाजार के मौजूदा वैल्यूएशन बढ़े हुए हैं। खासकर मिड और स्मॉल-कैप सेगमेंट में। बाजार में इस कारण अच्छा-खासा करेक्शन दिख सकता है।

बाजार की गिरावट में निवेशकों के 17 लाख करोड़ रुपए डूबे

शेयर बाजार में तेज बिकवाली से निवेशकों को करीब 15 लाख करोड़ रुपए का घाटा हुआ है। सोमवार, 5 अगस्त को सुबह 11:40 बजे तक बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का ओवरऑल मार्केट कैप 440 लाख करोड़ रुपए हो गया। शुक्रवार को यह लगभग ₹457 लाख करोड़ था।

साल की दूसरी बड़ी गिरावट, 4 जून को सेंसेक्स 5.74% गिरा था

आज बाजार में 2686 अंक (3.31%) तक की गिरावट दिखी है। ये इस साल की दूसरी सबसे बड़ी गिरावट है।

इससे पहले लोकसभा चुनाव के नतीजों वाले दिन यानी, 4 जून को सेंसेक्स 4389 अंक (5.74%) की गिरावट के साथ 72,079 के स्तर पर बंद हुआ था।

जापान का निक्के0ई 9.50% टूटा, कोरिया कोस्पी 8% नीचे

एशियाई बाजार में आज गिरावट देखने को मिल रही है। जापान के निक्केमई में 9% से ज्यादा की गिरावट है। कोरिया का कोस्पी इंडेक्स भी 8% नीचे है।

वहीं हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग इंडेक्स में 1.55% की गिरावट है। चीन का शंघाई कंपोजिट भी 0.79% की गिरावट है। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार डाओ जोन्स 1.51% गिरकर बंद हुआ था।

इसे भी पढ़ें

ऑयल-गैस कंपनी के शेयरों में उछाल से सेंसेक्स में तेजी

Share This Article
Exit mobile version