राजद ने जारी की 22 प्रत्याशियों की सूची, सारण से लड़ेंगी लालू की बेटी रोहिणी

2 Min Read

पटना, एजंसियां। लालू प्रसाद यादव की पार्टी राजद ने 22 प्रत्याशियों की सूची जारी की है।

इसमें लालू की बेटी रोहिणी आचार्य का भी नाम है, जो सारण से चुनाव लड़ेंगी। इसके अलावा लालू की दूसरी बेटी मीसा भारती को पाटलिपुत्र से उम्मीदवार बनाया गया है।

इनके अलावा इसमें पुर्णिया से भी बीमा भारती को आधिकारिक तौर पर उम्मीदवार घोषित कर दिया गया है।

बीजेपी ने सारण से राजीव प्रताप रूडी को टिकट दिया है। वहीं पाटलिपुत्र से बीजेपी ने राम कृपाल यादव को उम्मीदवार बनाया है।

बताते चलें कि, बिहार में महागठबंधन के बीच सीटों का बंटवारा हो चुका है। राज्य में कुल 40 लोकसभा सीटें हैं।

आरजेडी सबसे अधिक 26 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं कांग्रेस को 9 सीटें दी गई हैं। पांच सीटों पर लेफ्ट अपने उम्मीदवार उतारेगी।

हालांकि आरजेडी ने मुकेश सहनी के साथ आने के बाद उनकी पार्टी को 3 सीटें गोपालगंज, झंझारपुर और मोतिहारी अपने खाते से दे दी हैं।

कांग्रेस कटिहार, किशनगंज, पटना साहिब, सासाराम, भागलपुर, बेतिया, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और महाराजगंज लोकसभा सीट से कैंडिडेट उतारेगी।

सीपीआईएमएल को काराकाट, आरा और नालंदा सीट दी गई हैं, तो वहीं बेगूसराय से सीपीआई और खगड़िया से सीपीआईएम कैंडिडेट उतारेगी।

इसके अलावा बची हुईं 23 सीटों पर आरजेडी के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। इनमें से सिर्फ एक सीट सीवान से कोई उम्मीदवार नहीं उतारा गया है।

यहां शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब ने निर्दलीय लड़ने का एलान किया है।

इसे भी पढ़ें

”प्रबंधन अध्ययन में आईआईएम अहमदाबाद विश्व के प्रमुख 25 संस्थानों में,जेएनयू देश का शीर्ष विवि”

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं