चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार सुशील रिंकू ने शनिवार को जालंधर लोकसभा उपचुनाव में निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं कांग्रेस उम्मीदवार करमजीत कौर चौधरी को 58,691 मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की। चुनाव आयोग के आंकड़े के मुताबिक, रिंकू को 3,02,279 और चौधरी को 2,43,588 वोट मिले। शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार सुखविंदर कुमार सुखी तीसरे स्थान पर रहे। भाजपा के इंदर इकबाल सिंह अटवाल चौथे स्थान पर रहे।
सुखी को 1,58,445 और अटवाल को 1,34,800 मत मिले। उपचुनाव में जीत के बाद आम आदमी पार्टी का लोकसभा में एक सदस्य हो जायेगा। पिछले साल संगरूर में हुए उपचुनाव में हार के बाद लोकसभा में आप का एक भी सदस्य नहीं था। राज्यसभा में आप के फिलहाल 10 सदस्य हैं। जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन के कारण यह सीट रिक्त हुई थी और कांग्रेस ने उनकी पत्नी करमजीत कौर चौधरी को उम्मीदवार बनाया था।
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने पार्टी की हार स्वीकार करते हुए अाप और सुशील रिंकू को बधाई दी। आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में भगवंत मान सरकार के अच्छे काम का नतीजा जालंधर उपचुनाव में यह अप्रत्याशित जीत है। हमारी पार्टी के उम्मीदवार ने वहां जीत हासिल की है, जो पिछले 50 साल से कांग्रेस का गढ़ था।







