नई दिल्ली : जालंधर से नवनिर्वाचित लोकसभा सांसद सुशील कुमार रिंकू ने रविवार को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान से मुलाकात की। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने उन्हें जीत की शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जतायी कि वे आप की आवाज बनकर लोकसभा में पंजाब से जुड़े मुद्दे उठायेंगे।
सुशील कुमार रिंकू ने जालंधर लोकसभा उपचुनाव में निकटतम प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस उम्मीदवार करमजीत कौर चौधरी को 58,691 मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की है। चुनाव आयोग के आंकड़े के मुताबिक, रिंकू को 3,02,279 और चौधरी को 2,43,588 वोट मिले।
शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार सुखविंदर कुमार सुखी तीसरे स्थान पर रहे। भाजपा के इंदर इकबाल सिंह अटवाल चौथे स्थान पर रहे। सुखी को 1,58,445 और अटवाल को 1,34,800 मत मिले। पिछले साल संगरूर में हुए उपचुनाव में हार के बाद लोकसभा में आप का एक भी सदस्य नहीं था। राज्यसभा में आप के फिलहाल 10 सदस्य हैं। जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन के कारण यह सीट रिक्त हुई थी।

