नर्सिंग प्रवेश परीक्षा 9 सितंबर को, आज से भरा जाएगा फॉर्म [Nursing entrance exam on 9th September, form will be filled from today]

3 Min Read

रांची। राज्य के नर्सिंग कॉलेजों में संचालित होने वाले जीएनएमएएनएम कोर्स में नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।

झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (जेसीईसीईबी) की ओर से प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।

जारी अधिसूचना के तहत इस परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 24 अगस्त से शुरू होगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 9 सितंबर निर्धारित है।

फॉर्म ऑनलाइन भरा जाएगा। अभ्यर्थी 10 सितंबर तक आवेदन में किसी प्रकार का सुधार कर सकेंगे। जीएनएम व एएनएम के लिए परीक्षा 22 सितंबर को दो पाली में होगी।

सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एएनएम की, जबकि दोपहर 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक जीएनएम के लिए प्रवेश परीक्षा होगी।

सरकारी संस्थानों में सीटों का वर्गीकरण नहीं होगा। गैर सरकारी संस्थानों में 50 प्रतिशत ओपन सीट व 50 प्रतिशत मैनेजमेंट कोटा के तहत सीटें होंगी।

अभ्यर्थी जेसीईसीईबी की वेबसाइट https://jceceb.jharkhand.gov.in/ के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि यह परीक्षा करीब ढाई महीने की देरी से हो रही है। पिछले वर्ष यह परीक्षा जून में आयोजित की गई थी।

इसके बाद अभ्यर्थी इंतजार कर रहे थे। इस प्रवेश परीक्षा के लिए पूरे प्रदेश में केंद्र बनाए जाएंगे।

एएनएम कोर्स के लिए 100 अंकों की होगी परीक्षा

एएनएम प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा में 100 अंकों से सवाल पूछे जाएंगे। इसमें सामान्य विज्ञान से 50 अंक के, सामान्य ज्ञान से 25 अंक व गणित से 25 अंक के सवाल पूछे जाएंगे।

इसमें प्रशिक्षण की अवधि दो वर्ष की होगी। परीक्षा शुल्क की बात करें तो जनरल, ईडब्ल्यूएस, बीसी-1, बीसी-2, एससी-एसटी केटेगरी के लिए 450 रुपए निर्धारित है।

जेसीईसीईबी की ओर से जीएनएम प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा का जो प्रारूप जारी किया गया है, उसके तहत यह परीक्षा 150 अंकों की होगी।

इसमें ऑब्जेक्टिव व एमसीक्यू सवाल होंगे। इसमें अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान व गणित विषय से 30-30 अंक के सवाल पूछे जाएंगे।

प्रवेश परीक्षा में सवाल मैट्रिक स्तर के होंगे। इसमें परीक्षा शुल्क जनरल, ईडब्ल्यूएस, बीसी-1, बीसी-2 केटेगरी के लिए 900 रुपए और एससी-एसटी, महिला अभ्यर्थियों के लिए 450 रुपए निर्धारित है।

इसे भी पढ़ें

सरकारी नौकरी: एम्स नर्सिंग ऑफिसर पद पर नियुक्ति के लिए आवेदन शुरू, 15 सितंबर को एग्जाम

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं