श्रीनगर, एजेंसियां। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने डोडा में हमला करने वाले चार आतंकियों का स्केच जारी किया है।
माना जा रहा है कि ये आतंकी डोडा जिले के भद्रवाह, थाथरी, गंडोह के ऊपरी इलाकों में सक्रिय हैं।
जम्मू कश्मीर पुलिस ने इन आतंकियों की सूचना देने पर 20 लाख के इनाम का ऐलान किया है।
प्रत्येक आतंकवादी की जानकारी देने पर 5 लाख रुपये के इनाम का ऐलान किया गया है। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
सुरक्षा बलों पर किया था हमला
इन आतंकियों ने मंगलवार को भद्रवाह के चतरगला में 4 राष्ट्रीय राइफल्स और पुलिस की संयुक्त चौकी पर अटैक किया था, जबकि बुधवार को डोडा जिले के गंडोह इलाके में तलाशी दल पर हमला किया गया, जिसमें एक पुलिसकर्मी समेत सात सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे।
4 दिनों से चल रही मुठभेड़
पिछले चार दिनों में जम्मू कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच कई एनकाउंटर के मामले सामने आए हैं।
कठुआ के हीरानगर में आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग की, जिसके बाद एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया था।
वहीं, बुधवार की शाम जम्मू के डोडा जिले के कोटा टॉप पर आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में कांस्टेबल फरीद अहमद घायल हो गए।
इसके अलावा कठुआ जिले के सैदा सुखल गांव में बुधवार तड़के करीब तीन बजे छिपे एक आतंकी की फायरिंग में सीआरपीएफ का जवान कबीर दास गंभीर रूप से घायल हो गये थे।
उन्हे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इसे भी पढ़ें









