Iran statement: ईरान ने कहा- पड़ोसी देशों को तब तक निशाना नहीं बनाएंगे, जब तक उनकी जमीन से हमला न हो

3 Min Read

Iran statement:

तेहरान, एजेंसियां। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच मसूद पेजेशकियन ने अमेरिका की बिना शर्त आत्मसमर्पण की मांग को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान किसी भी दबाव के आगे झुकने वाला नहीं है और ऐसी उम्मीद रखना सिर्फ एक सपना है।

अमेरिका की सरेंडर मांग को किया खारिज

राज्य टीवी पर प्रसारित अपने संदेश में मसूद पेजेशकियन ने डोनाल्ड ट्रंप की उस मांग को सिरे से नकार दिया, जिसमें ईरान से बिना शर्त आत्मसमर्पण करने को कहा गया था। उन्होंने कहा कि ईरान अपनी संप्रभुता और सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगा।

पड़ोसी देशों पर हमलों के लिए जताया खेद

ईरानी राष्ट्रपति ने हाल में खाड़ी के कुछ देशों पर हुए हमलों को लेकर खेद भी जताया। उन्होंने कहा कि गलतफहमी के कारण यह घटनाएं हुईं और तेहरान भविष्य में ऐसी स्थितियों को रोकने की कोशिश करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक किसी पड़ोसी देश की जमीन से ईरान पर हमला नहीं किया जाता, तब तक उन्हें निशाना बनाने का कोई इरादा नहीं है। यह बयान ऐसे समय आया है जब शनिवार सुबह बहरीन, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात पर हमलों की खबरें सामने आईं, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया।

पुतिन ने की शांति की अपील

इस बीच व्लादिमीर पुतिन ने मसूद पेजेशकियन से फोन पर बातचीत की। पुतिन ने क्षेत्र में जारी संघर्ष को तुरंत रोकने और कूटनीतिक समाधान तलाशने की जरूरत पर जोर दिया।

ईरान पर बड़े हमले की चेतावनी

वहीं, अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि ईरान पर जल्द ही बड़ा हमला किया जा सकता है। उनके अनुसार इस कार्रवाई का मकसद ईरान के मिसाइल लॉन्चर और मिसाइल निर्माण केंद्रों को नुकसान पहुंचाना है।

अरब लीग की आपात बैठक

क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए अरब लीग के विदेश मंत्री रविवार को आपात बैठक करेंगे। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए होगी, जिसमें कई अरब देशों पर हुए हमलों और क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की जाएगी।

लगातार बढ़ रहा पश्चिम एशिया का संकट

रिपोर्टों के मुताबिक 28 फरवरी से शुरू हुए संघर्ष के बाद से ईरान इस्राइल समेत पश्चिम एशिया के कई देशों को निशाना बना चुका है। अमेरिका और उसके सहयोगियों के साथ बढ़ते टकराव के कारण पूरे क्षेत्र में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।

Share This Article