नई दिल्ली : संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और किसान नेता राकेश टिकैत अपने समर्थकों के साथ पहलवानों का समर्थन करने के लिए नई दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचे हैं। पहलवानों के समर्थन में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि रविवार को कोई बड़ा फैसला लिया जाएगा। उनके साथ किसान नेता दर्शन पाल और हनान मोल्लाह भी मौजूद हैं।
संयुक्त किसान मोर्चा के नेता भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। महिला पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की हैं।
उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर पहलवान पिछले 15 दिन से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं पंजाब से किसान संगठन भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) के कार्यकर्ता भी जंतर-मंतर पहुंच गए हैं। संगठन के अध्यक्ष जोगिंदर उगराहां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार और बृजभूषण शरण सिंह की अर्थियां जलाने की घोषणा भी की है।







