Droupadi Murmu Delhi Schemes: द्रौपदी मुर्मू ने होली से पहले दिल्ली की महिलाओं-बेटियों के लिए चार बड़ी योजनाएं की लॉन्च

3 Min Read

Droupadi Murmu Delhi Schemes:

नई दिल्ली, एजेंसियां। होली से पहले राजधानी की महिलाओं और बेटियों को बड़ी सौगात मिली है। इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘सशक्त नारी, समृद्ध दिल्ली’ कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली सरकार की चार महिला-केंद्रित कल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक रूप से सशक्त बनाना है।

योजना 1: दिल्ली लखपति बिटिया योजना

यह योजना पुरानी लाडली योजना का विस्तारित रूप है। इसके तहत बालिका के नाम विभिन्न चरणों में कुल 56 हजार रुपये जमा किए जाएंगे। 21 वर्ष की आयु तक ब्याज सहित यह राशि एक लाख रुपये से अधिक होने की उम्मीद है। योजना का लाभ उन्हीं परिवारों को मिलेगा जिनकी वार्षिक आय 1.20 लाख रुपये से कम है, जो पिछले तीन वर्षों से दिल्ली के निवासी हों और बालिका का जन्म दिल्ली में हुआ हो। प्रति परिवार दो बेटियों को लाभ दिया जाएगा। राशि स्नातक या व्यावसायिक डिप्लोमा पूरी करने की शर्त पर मिलेगी और पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी।

योजना 2: मेरी पूंजी, मेरा अधिकार

इस योजना के तहत 40,642 पात्र लाभार्थियों को 100.25 करोड़ रुपये डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए दिए जाएंगे। लंबे समय से लंबित परिपक्वता राशि अब ब्याज सहित सीधे खातों में पहुंचेगी। सरकार का कहना है कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और बेटियों को सीधा लाभ मिलेगा।

योजना 3: दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर

करीब 15.50 लाख राशन कार्ड धारक परिवारों को होली और दिवाली पर हर साल दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिए जाएंगे। सिलेंडर की मौजूदा कीमत के बराबर राशि परिवार के मुखिया के आधार-लिंक्ड खाते में भेजी जाएगी। इसका उद्देश्य त्योहारों के दौरान रसोई खर्च कम करना और गृहणियों को राहत देना है।

योजना 4: महिलाओं के लिए पिंक स्मार्ट कार्ड

दिल्ली निवासी महिलाओं को डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा के लिए ‘पिंक स्मार्ट कार्ड’ जारी किया जाएगा। एक ही कार्ड से मेट्रो और आरआरटीएस में सशुल्क यात्रा भी की जा सकेगी। ब्लू कार्ड सामान्य यात्रियों और ऑरेंज कार्ड मासिक पास धारकों के लिए होगा। करीब 50 केंद्रों पर कार्ड जारी किए जाएंगे। आधार और मोबाइल से लिंक होने के कारण डुप्लिकेशन पर रोक लगेगी और नकद लेन-देन में कमी आएगी।

Share This Article