बंगाल के राज्यपाल ने किया है केस
कोलकाता, एजेंसियां। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ मानहानि का केस 28 जून को किया था। इस मामले पर आज कलकत्ता हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है।
हाईकोर्ट में जस्टिस कृष्ण राव की बेंच मामले की सुनवाई करेगी। यह देश में पहली बार है जब किसी राज्य के राज्यपाल ने CM पर मानहानि का केस किया है।
दरअसल राज्यपाल-CM में लंबे समय से खींचतान चल रही है। इस बीच 27 जून को ममता बनर्जी ने दावा किया था कि कुछ महिलाओं ने उनसे शिकायत की है कि वे राजभवन की गतिविधियों की वजह से वहां जाने से डरती हैं।
इस पर राज्यपाल बोस ने कहा था कि किसी भी जन प्रतिनिधि से यह अपेक्षा की जाती है कि वे गलत और निंदनीय धारणाएं न पैदा करें।
महिलाकर्मी के आरोप के बाद शुरू हुआ विवाद
लोकसभा चुनाव के बीच 2 मई को राजभवन की अस्थायी महिलाकर्मी ने राज्यपाल पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। ममता सरकार ने जांच पुलिस को सौंपी थी।
वहीं, राज्यपाल ने राजभवन में पुलिस के प्रवेश पर रोक लगा दी। राज्यपाल ने याचिका में कहा है कि घटना राजनीति से प्रेरित थी। पुलिस ने महिला को भड़काया और वीडियो बनाने के लिए प्रेरित किया।
इसे भी पढ़ें
राज्यपाल बोस ने चोपड़ा की घटना पर ममता बनर्जी से मांगी रिपोर्ट









