नागपुर में हिंसा के बाद 11 इलाकों में कर्फ्यू, 50 गिरफ्तार, 33 पुलिसकर्मी घायल [Curfew imposed in 11 areas after violence in Nagpur, 50 arrested, 33 policemen injured]

2 Min Read

घायलों में 3 DCP, संभाजीनगर में औरंगजेब की कब्र के पास बेरिकेडिंग

नागपुर, एजेंसियां। नागपुर में औरंगजेब का पुतला जलाने पर हुई हिंसा के बाद मंगलवार को 11 इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है।

सोमवार शाम हुई हिंसा में 33 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, इनमें 3 DCP हैं। 5 आम लोग भी घायल हैं, इनमें से एक ICU में भर्ती है।

दंगाइयों ने 12 बाइक, कई कारें, 1 JCB जला दी। पुलिस ने दंगे के आरोप में 50 लोगों को अरेस्ट किया है।

संभाजीनगर में प्रशासन अलर्टः

वहीं, संभाजीनगर में औरंगजेब की कब्र की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कब्र की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। हर आने-जाने वालों की जांच की जा रही है।

नागपुर में हिंसा के बाद संभाजीनगर में औरंगजेब की कब्र के पास बैरिकेडिंग कर दी गई है। औरंगजेब की कब्र देखने आने वाले पर्यटकों के नाम, मोबाइल नंबर और आधार कार्ड की जांच की जा रही है।

औरंगजेब की प्रतीकात्मक कब्र जलाने से हुआ बवालः

सोमवार को नागपुर में विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान गोबर के कंडों से भरा एक हरे रंग का कपड़ा जलाया गया। VHP के मुताबिक, ये औरंगजेब की प्रतीकात्मक कब्र थी।

इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद देर शाम 7:30 बजे नागपुर के महल इलाके में हिंसा भड़क गई। पथराव और तोड़फोड़ शुरू हो गई। उपद्रवियों ने घरों पर पथराव किया और सड़क पर खड़े दर्जनों वाहनों में तोड़फोड़-आगजनी की।

पुलिस पर भी हमला किया गया। DCP निकेतन कदम कुल्हाड़ी के हमले से घायल हो गए। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। रात 10.30 बजे से 11.30 बजे के बीच ओल्ड भंडारा रोड के पास हंसपुरी इलाके में एक और झड़प हुई।

इसे भी पढ़ें

औरंगजेब कब्र विवाद- नागपुर में पथराव-आगजनी

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं