विपक्षी एकता की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुहिम अब पकड़ने लगी जोर

3 Min Read

महेश कुमार सिन्हा

पटना : आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर गैर भाजपा दलों को एकजुट करने की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुहिम अब जोर पकड़ रही है। नीतीश कुमार विपक्षी एकता की इस मुहिम में  ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को भी जोड़ना चाहते हैं। इसी मकसद से वह पटनायक से मिलने के लिये मंगलवार (9 मई) को ओडिशा जाने वाले हैं। पटनायक से मुलाकात के बाद नीतीश कुमार  मुंबई का रूख करेंगे। वह जल्द ही शिव सेना (उद्धव) प्रमुख उद्धव ठाकरे और एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार से मुलाकात करने वाले हैं।

मुख्यमंत्री के करीबी सूत्रों के अनुसार उद्धव ठाकरे ने रविवार को नीतीश कुमार से बातचीत की है। इस बातचीत को ठोस रुप देने के लिये नीतीश कुमार 11 मई  को मुंबई जा सकते हैं। मुंबई प्रवास के दौरान नीतीश कुमार राकांपा प्रमुख शरद पवार से भी मिलेंगे। शरद पवार ने  कहा है कि राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के खिलाफ विकल्प की जरुरत है। गौरतलब है कि बीते सप्ताह विपक्षी एकता की मुहिम पर नीतीश कुमार का संदेश लेकर विधान परिषद के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर ने शरद पवार और उद्धव ठाकरे से भेंट की थी। ठाकुर ने नीतीश कुमार की ओर से महाराष्ट्र के दोनों वरिष्ठ नेताओं को विपक्षी एकता की मुहिम में  जुड़ने  का आग्रह किया था। उसी समय यह तय हुआ कि साल 2024 के चुनाव के लिए विपक्षी एकता के मिशन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुंबई जाकर शरद पवार और उद्धव ठाकरे से मुलाकात करेंगे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का विपक्षी एकता की मुहिम के तहत पश्चिम के राज्य में यह पहला दौरा होगा। शरद पवार ने विपक्षी एकता के सवाल पर नीतीश कुमार की पहल का स्वागत करते हुए एक न्यूनतम साझा कार्यक्रम की भी बात कही है। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा था कि सभी लोग एक साथ आएंगे तो हमारी लड़ाई को मजबूती मिलेगी और हम जीत हासिल कर सकते हैं। विपक्षी एकता की मुहिम के तहत नीतीश कुमार मंगलवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ उनके आवास में बैठक करेंगे। दिन का भोजन भी वह नवीन पटनायक के साथ ही करेंगे।

इस दौरान इन दोनों नेताओं के बीच कई तरह की चर्चा हो सकती है। यहां से नीतीश कुमार के झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने के आसार भी जताए जा रहे हैं। विपक्ष की एकजुटता की इस मुहिम  के तहत नीतीश कुमार अब तक राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिल चुके हैं।

लेखक : वरिष्ठ पत्रकार हैं।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं