पांचवें चरण के चुनाव का आज थम जाएगा प्रचार, इन दिग्गजों की किस्मत होगी पेटी में

4 Min Read

नई दिल्ली, एजेंसियां। लोकसभा चुनाव के पांचवें दौर के लिए चुनाव प्रचार आज थम जाएगा। इस चरण के लिए मतदान 20 मई को होगा।

इस चरण में आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 49 सीटों पर मतदान होगा। इन राज्यों से 695 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

वहीं, झारखंड की तीन सीटों चतरा, कोडरमा और हजारीबाग में भी 20 मई को चुनाव होगा। यहां हजारीबाग सीट से बीजेपी के मनीष जायसवाल और कोडरमा से बीजेपी की मौजूदा सांसद अन्नपूर्णा देवी की किस्मत का फैसला होना है।

साथ ही चतरा की जनता भी बतायेगी कि उसे बीजेपी के काली चरण सिंह पसंद हैं या कांग्रेस के केएन त्रिपाठी।

बिहार की बात करें, तो पांचवें चरण में दिग्गज नेताओं की किस्मत का फैसला होगा। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी, एलजेपी-आर के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की बेटी डॉ रोहिणी आचार्य, सांसद अजय निषाद, बिहार विधान परिषद के सभापति देवेशचंद्र ठाकुर जैसे वीवीआईपी उम्मीदवार शामिल हैं।

इस चरण की सीटों पर चुनाव प्रचार शनिवार शाम को थम जाएगा। इस चरण में सीतामढी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण और हाजीपुर संसदीय क्षेत्रों में 20 मई को मतदान होना है।

पांचवें चरण की चर्चित सीटेः

राजनाथ सिंह: उत्तर प्रदेश की लखनऊ लोकसभा सीट इस चुनाव में चर्चित सीट बनी हुई है।

यहां से बीजेपी की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। सपा ने बीजेपी नेता के खिलाफ रविदास मेहरोत्रा को अपना उम्मीदवार बनाया है।

राहुल गांधी : रायबरेली लोकसभा सीट उत्तर प्रदेश की सबसे चर्चित सीटों में से एक है। यह राज्य की एकमात्र सीट है, जहां 2019 में कांग्रेस ने जीत हासिल की थी।

तब सोनिया गांधी यहां से जीतकर लोकसभा पहुंची थीं। सोनिया अब राज्यसभा के लिए चुनी गई हैं।

लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस ने राहुल गांधी को रायबरेली से मैदान में उतारा है। बीजेपी ने यहां दिनेश प्रताप सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। एमएलसी दिनेश प्रताप वर्तमान में योगी सरकार में मंत्री हैं।

स्मृति ईरानी : केंद्रीय मंत्री और मौजूदा अमेठी सांसद स्मृति ईरानी एक बार फिर यहां से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं।

नामांकन के आखिरी दिन कांग्रेस ने गांधी परिवार के करीबी केएल शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया। बसपा ने यहां नन्हे सिंह चौहान को अपना उम्मीदवार बनाया है।

चिराग पासवान : बिहार की हाजीपुर लोकसभा सीट इस चुनाव की चर्चित सीटों में से एक है। यहां से एनडीए की ओर से एलजेपी (आर) के चिराग पासवान चुनाव लड़ रहे हैं।

हाजीपुर सीट पर राजद ने शिवचंद्र राम को टिकट दिया है। शिवचंद्र विधायक और बिहार सरकार में मंत्री रह चुके हैं।

उमर अब्दुल्ला : कश्मीर की घाटियों में भले ही पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही हो, लेकिन यहां का सियासी पारा गर्म है।

कश्मीर की बारामूला सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला चुनाव लड़ रहे हैं, जिससे यह सीट खास हो गई है।

उमर का मुकाबला महबूबा मुफ्ती की पार्टी पीडीपी से फैयाज अहमद से है। पिछले चुनाव में यह सीट नेशनल कॉन्फ्रेंस के अकबर लोन ने जीती थी।

इसे भी पढ़ें

लखनऊ ने मुंबई को उसके घरेलू मैदान पर 18 रनों से धो दिया

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं