भागलपुर में हाईवा से टकराई बस, कई घायल

2 Min Read

भागलपुर, एजेंसियां। नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत भवानीपुर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर हाइवा औऱ बस की टक्कर हो गई।

यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में कई यात्री घायल हो गए हैं।

आनन-फानन में घायलों को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह हादसा बुधवार की सुबह करीब 3:30 से 4 बजे के बीच भवानीपुर थाना क्षेत्र के भगवान पेट्रोल पंप के पास हुआ।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार यात्री बस खगड़िया से नवगछिया की ओर आ रही थी।

वहीं एक हाइवा नवगछिया से खगड़िया की ओर जा रहा था। दोनों गाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

आमने-सामने की इस टक्कर के बाद बस सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसा होते ही बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

गनीमत यह रही कि बस में ज्यादा यात्री नहीं थे। स्थानीय लोगों की मदद से बस के यात्रियों, चालक और उपचालक को बाहर निकाला गया। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

ड्राइवर और खलासी की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को पहले पीएचसी नारायणपुर लाया गया।

फिर उन्हें जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। अन्य घायलों का इलाज नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है।

इसे भी पढ़ें

आतंकियों के निशाने पर BJP और RSS के बड़े नेता

Share This Article
Exit mobile version