आसानी से हासिल करेंगे बहुमत, मुख्यमंत्री का फैसला भाजपा संसदीय बोर्ड करेगा: बोम्मई

3 Min Read

शिग्गांव : कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने राज्य विधानसभा चुनाव में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को बढ़त दिखाने वाले चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों को शुक्रवार को खारिज कर दिया और विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘‘आसानी से बहुमत’’ हासिल कर सत्ता में वापसी करेगी और सरकार गठन के लिए उसे जनता दल (सेक्युलर) के समर्थन की जरूरत नहीं पड़ेगी। बोम्मई ने एक साक्षात्कार में कहा कि उनकी पार्टी के सत्ता में आने पर वह मुख्यमंत्री बने रहेंगे या नहीं, इस पर फैसला भाजपा आलाकमान और पार्टी का संसदीय बोर्ड करेगा।

हुबली-धारवाड़ सेंट्रल से एक बार फिर चुनाव लड़ने के लिए भाजपा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर को टिकट नहीं दिए जाने के निर्णय का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि वह (शेट्टर) चुनाव हार जाएंगे। भाजपा द्वारा टिकट नहीं दिए जाने के बाद शेट्टर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।

बोम्मई ने दावा किया कि 2019 में कांग्रेस- जद (एस) के नेतृत्व वाली सरकार को गिराने में भाजपा की मदद करने वाले 14 बागी विधायक अपने-अपने क्षेत्रों से जीत दर्ज करेंगे। बोम्मई ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘‘चुनावी विमर्श’’ को निचले स्तर पर ले गई है।राज्य की सभी 224 विधानसभा सीटों के लिए 10 मई को मतदान होगा और 13 मई को मतगणना होगी।

चुनाव पूर्व सर्वेक्षण के संदर्भ में बोम्मई ने कहा, ‘‘कांग्रेस को कोई फायदा नहीं होने वाला है। हम जानते हैं कि ये सर्वेक्षण कैसे किए जाते हैं। मैं आसानी से बहुमत हासिल करने की उम्मीद करता हूं।’’ उन्होंने यह भी कहा कि संभव है, पार्टी को जद (एस) के समर्थन की कोई जरूरत नहीं पड़े। उन्होंने कहा, ‘‘इसकी (जद (एस) के समर्थन की) कोई जरूरत नहीं होगी। हम पूर्ण बहुमत हासिल करेंगे।’’

यह पूछे जाने पर कि क्या शेट्टर के जाने से लिंगायत समुदाय के वोटों पर असर पड़ेगा, मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘नहीं, बिल्कुल नहीं। हम शेट्टर की सीट पर भी जीत दर्ज करेंगे।’’ कर्नाटक में प्रमुख लिंगायत समुदाय की आबादी 17 प्रतिशत है। उन्होंने कहा, ‘‘उनकी (शेट्टर की) पृष्ठभूमि और इतिहास को देखते हुए यह न तो भाजपा और न ही कांग्रेस के कुछ समर्थकों के लिए स्वीकार्य है।’’

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं