Banana peel health benefits: सिर्फ केला ही नहीं, उसका छिल्का भी सेहत के लिए बेहद लाभकारी, जानिए इसके हैरान करने वाले फायदे

3 Min Read

Banana peel health benefits:

नई दिल्ली, एजेंसियां। अक्सर लोग केला खाने के बाद उसके छिलके को कूड़ेदान में फेंक देते हैं, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार केले का छिल्का भी पोषक तत्वों से भरपूर होता है और इसे सही तरीके से इस्तेमाल करने पर कई स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं। केला जहां फाइबर, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट का अच्छा स्रोत है, वहीं इसका छिल्का भी शरीर के लिए कई तरह से लाभकारी माना जाता है।

डाइट एक्सपर्ट्स के मुताबिक

डाइट एक्सपर्ट्स के मुताबिक केले के छिलकों में एंटीऑक्सीडेंट, फाइबर और ल्यूटिन जैसे तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को कई बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं। हरे और पके दोनों प्रकार के केले के छिलकों का उपयोग किया जा सकता है। पके केले के नरम छिलकों को उबालकर या स्मूदी में मिलाकर भी खाया जा सकता है। कुछ लोग इसे आइसक्रीम या अन्य डेजर्ट की टॉपिंग के रूप में भी इस्तेमाल करते हैं।

पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है केले का छिल्का

केले के छिलके में अच्छी मात्रा में डाइटरी फाइबर पाया जाता है, जो पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में मदद करता है। यह आंतों की कार्यप्रणाली को सुधारता है और कब्ज की समस्या को कम करने में सहायक माना जाता है।विशेषज्ञों के अनुसार केले का छिल्का रेजिस्टेंट स्टार्च का भी अच्छा स्रोत होता है। यह आंतों में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ाने में मदद करता है, जिससे पाचन प्रणाली स्वस्थ रहती है और पेट से जुड़ी समस्याएं कम हो सकती हैं।

दिल और आंखों की सेहत के लिए लाभकारी

केले के छिलकों में पॉलीफेनॉल, कैरोटेनॉयड्स और फ्लेवोनॉयड्स जैसे एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं। ये तत्व शरीर में बनने वाले फ्री-रेडिकल्स को कम करने में मदद करते हैं और सूजन यानी इंफ्लेमेशन को घटाते हैं।इंफ्लेमेशन कम होने से हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा भी कम हो सकता है। इसके अलावा केले का छिल्का विटामिन-ए का अच्छा स्रोत माना जाता है, जो आंखों की सेहत के लिए फायदेमंद होता है और दृष्टि को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है।

मानसिक स्वास्थ्य और नींद में भी मददगार

केले में ट्रिप्टोफैन नामक तत्व पाया जाता है, जो शरीर में सेरोटोनिन बनाने में मदद करता है। सेरोटोनिन एक ऐसा हार्मोन है जो मूड को बेहतर बनाने में सहायक होता है। केले के छिलकों में मौजूद विटामिन बी6 के साथ मिलकर यह डिप्रेशन और मूड से जुड़ी समस्याओं के लक्षणों को कम करने में मदद कर सकता है।इसके अलावा विटामिन बी6 अच्छी नींद लाने में भी सहायक माना जाता है, जिससे मानसिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक असर पड़ता है। विशेषज्ञों का कहना है कि केले के छिलकों को सीमित मात्रा में डाइट में शामिल करने के साथ-साथ त्वचा और बालों पर भी इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे अतिरिक्त लाभ मिल सकते हैं।

Share This Article