रांची। धुर्वा क्षेत्र से लापता हुए मासूम भाई-बहन अंश और अंशिका को सकुशल ढूंढ निकालने में अहम भूमिका निभाने वाले युवाओं को आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय, रांची में आयोजित किया गया, जहां युवाओं के साहस और सामाजिक जिम्मेदारी की खुले दिल से सराहना की गई।
सुदेश महतो ने बढ़ाया युवाओं का हौसला
इस अवसर पर सुदेश महतो ने कहा कि समाज में ऐसे जागरूक और संवेदनशील युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं ने अपनी जिम्मेदारी समझते हुए बच्चों की तलाश में सक्रिय भागीदारी निभाई, वे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। सुदेश महतो ने कहा कि ऐसे प्रयास न केवल परिवार को राहत देते हैं, बल्कि समाज में सुरक्षा और भरोसे की भावना को भी मजबूत करते हैं।
मानवता और जिम्मेदारी की मिसाल
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने युवाओं के साहस, मानवता और टीमवर्क की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल पुलिस प्रशासन के लिए भी सहयोगी साबित होती है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि ऐसे समाजसेवियों के प्रति सकारात्मक और सहयोगात्मक रवैया अपनाया जाए। साथ ही राज्य सरकार से लापता बच्चों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की।
इन युवाओं को किया गया सम्मानित
सम्मानित किए गए युवाओं में डब्लू साहू, सचिन प्रजापति, सन्नी नायक, सुनील प्रजापति, अंशु दांगी, राकेश दत्ता, भानु मुखिया, दिवाकर नायक, महादेव जायसवाल सहित पूरी टीम शामिल रही। सभी युवाओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पार्टी महासचिव संजय मेहता, केंद्रीय सदस्य डॉ. रोहित महतो, रांची जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित साहू, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








