अमित अग्रवाल भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के सीईओ नियुक्त

2 Min Read

नयी दिल्ली : केन्द्र सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल के तौर पर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी अमित अग्रवाल को भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण का मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा सुबोध कुमार सिंह को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी का महानिदेशक नियुक्त किया है।

अग्रवाल (1993 बैच) और सिंह (1997 बैच) छत्तीसगढ़ कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। सिंह वर्तमान में उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के तहत खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग में अतिरिक्त सचिव हैं और उन्हें राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। रविवार देर रात जारी आदेश के अनुसार पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव ऋचा शर्मा को सिंह के स्थान पर खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग में भेजा गया है।

कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग में अतिरिक्त सचिव रश्मि चौधरी को केन्द्रीय सूचना आयोग में सचिव नियुक्त किया गया है। मुंबई के विशेष आर्थिक क्षेत्र में सांताक्रूज विशेष निर्यात प्रसंस्करण क्षेत्र के विकास आयुक्त श्याम जगन्नाथन अब पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय में महानिदेशक (पोत परिवहन) होंगे। आदेश के अनुसार वरिष्ठ नौकरशाह संजीव कुमार चड्ढा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव, वुमलुनमंग वुलनाम आर्थिक मामलों के विभाग में अतिरिक्त सचिव तथा रमेश कृष्णमूर्ति श्रम एवं रोजगार मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव होंगे।

आदेश के अनुसार कम से कम 13 वरिष्ठ अधिकारियों को केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में नियुक्त किया गया है। एल एस चांगसन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में अतिरिक्त सचिव, आर आनंद भूमि संसाधन विभाग में अतिरिक्त सचिव और मनिंदर कौर द्विवेदी कृषि एवं किसान कल्याण विभाग में अतिरिक्त सचिव होंगी। आदेश में कहा गया है कि द्विवेदी लघु किसानों के कृषि-व्यवसाय संघ में प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगी।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं