नई दिल्ली, एजेंसियां। देश में गर्मी तपा रही है। हवा के गर्म थपेड़ों के बीच मामूली बारिश थोड़ी राहत दे सकती है। भारतीय मौसम विभाग [IMD] ने देश के कुछ हिस्सों के लिए बारिश की संभावना जताई है।
मौसम के विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर भारत में अगले पांच दिनों तक बारिश और तूफान की स्थिति बनी रहेगी।
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा में बिजली कड़कने के साथ ही बारिश का भी अलर्ट जारी किया है। इसका मामलू असर झारखंड और आसपास के इलाकों में भी देखने को मिल सकता है।
दिल्ली में भी बीते कुछ दिनों से गर्मी झुलसा रही है। शनिवार को भी यहां पूरे दिन मौसम साफ बना रहेगा। इस वजह से दिल्ली वालो का ये वीकेंड भी गर्मी में ही बीतने वाला है।
पहाड़ों पर फिर से मौसम अपनी करवट बदलने वाला है। देहरादून,उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ में कहीं कहीं पर मौसम विभाग ने गरज के साथ बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है। वहीं ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी की संभावना जाहिर की है।
अप्रैल का महीना चल रहा है और उत्तर प्रदेश के कई शहरों का तापमान 40 डिग्री के ऊपर पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगर ऐसे ही तापमान बढ़ता रहा तो मई- जून में उत्तर प्रदेश का तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के ऊपर जा सकता है।
हालांकि आज उत्तर प्रदेश के कुछ शहरों में बादल छाए रहेंगे। प्रयागराज में भी आज आसमान में काले बादल देखने को मिल सकते हैं। जिसके कारण अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
छत्तीसगढ़ में भी झुलसानेवाली गर्मी पड़ रही है। इसके कारण यहां के कई शहरों का तापमान 40 डिग्री के ऊपर पहुंच गया है।
हालांकि प्रदेश के कुछ जिलों में आज और कल यानी की 6 और 7 अप्रैल को बारिश की संभावना है।
इसे भी पढ़ें









