10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
पटना, एजेंसियां। देश के अधिकतर राज्यों से मानसून विदा ले चुका है। हालांकि, नेपाल में भारी बारिश के चलते उत्तर प्रदेश और बिहार बाढ़ की चपेट में है।
बिहार में 17 जिलों की 14.62 लाख आबादी बाढ़ के पानी से घिरी हुई है। 4 अक्टूबर से 12 जिलों में बारिश होने की संभावना है। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है।
यूपी में राप्ती नदी खतरे के निशान के ऊपरः
यूपी के गोरखपुर में राप्ती नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जिले के करीब 30 गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति है।
IMD ने गोरखपुर में पूरे सप्ताह बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश की आशंका जताई है। कुशीनगर में नारायणी गंडक नदी का जलस्तर कम होने से बाढ़ प्रभावित गांवों को कुछ राहत मिली है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्टः
IMD ने गुरुवार, 3 अक्टूबर को दक्षिण और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट हैं।
इसके अलावा पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु और केरल में भी बारिश हो सकती है।
इसे भी पढ़ें








