राजद में सीटों पर मंथन, प्रत्याशियों के नामों का ऐलान जल्द
पटना। लालू प्रसाद यादव ने उन्हें किडनी देकर उनकी जान बचाने वाली बेटी रोहिणी आचार्य को राजनीति में एंट्री दिला दी है।
अब यह तय हो चुका है कि रोहिणी आचार्य आगामी लोकसभा चुनाव से बिहार की राजनीति में आ रही हैं। इसकी शुरुआत तो काफी पहले ही हो गई थी, लेकिन राजनीतिक रूप से अभी उनकी एंट्री की घोषणा होनी बाकी है।
रोहिणी आचार्य लालू प्रसाद की वही बेटी हैं, जिन्होंने अपने पिता को किडनी डोनेट की हैं। लालू भी अब बेटी का एहसान मानते हैं।
कुछ दिनों पहले रोहिणी आचार्य की सक्रियता सारण (छपरा) में दिखाई दी थी। सारण वो सीट है, जहां से राजद को जीत मिलती रही है। हालांकि अभी यहां से बीजेपी के राजीव प्रताप रूडी सांसद हैं।
रोहिणी आचार्य की सक्रियता जब बढ़ी, तो वो सबसे पहले सारण में नजर आईं। यहां पर कुछ खास लोगों से मुलाकात कीं।
उन्होंने कहा कि अगर सारण की जनता उन पर भरोसा करेगी, तो वो यहां से चुनाव लड़ सकती हैं। इस बयान के बाद अब ये तय माना जा रहा है कि लालू प्रसाद यादव ने बेटी रोहिणी आचार्य को सारण की सीट दे दी है।
राजद में लालू परिवार के सबसे करीबी माने जाने वाले सुनील सिंह ने भी इसका इशारा कर दिया है। उन्होंने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट से रोहिणी आचार्य को सारण सीट देने की मांग की है।
सुनील सिंह ने रोहिणी आचार्य के साथ फोटो पोस्ट करते हुए लिखा कि ‘पिता के प्रति अगाध प्रेम, श्रद्धा एवम् समर्पण की प्रतिमूर्ति डॉ. रोहिणी आचार्य।
सारण प्रमंडल के समस्त पार्टी कार्यकर्ताओं की हार्दिक इच्छा है कि डॉ. रोहिणी आचार्या को सारण लोकसभा से राष्ट्रीय जनता दल का प्रत्याशी घोषित किया जाए!
वहीं, छपरा के मढ़ौरा से विधायक जितेंद्र कुमार राय ने ट्वीट कर कहा कि ‘सारण के समस्त पार्टी कार्यकर्ताओं की हार्दिक इच्छा है कि डॉ. रोहिणी आचार्य को सारण लोकसभा से राष्ट्रीय जनता दल का प्रत्याशी घोषित किया जाये।
ये अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरजेडी की तरफ से अपने प्रत्याशियों के नामों का भी एलान किया जा सकता है।
मिली जानकारी के अनुसार बक्सर सीट से आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे सुधाकर सिंह को टिकट मिल सकता है।
कृषि मंत्री रहे कुमार सर्वजीत को गया सीट दी जा सकती है। आलोक मेहता को भी उजियारपुर की सीट दी जा सकती है।
इसे भी पढ़ें