रांची। कल्पना मुर्मू सोरेन ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कथित जमीन घोटाला मामले में गिरफ्तारी को लेकर ईडी और राजभवन पर हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि 31 जनवरी 2024 का दिन लोकतंत्र के इतिहास में काले अध्याय के रूप में दर्ज हुआ है।
उन्होंने कहा कि षड्यंत्र के तहत किसी मुख्यमंत्री या किसी व्यक्ति को राजभवन से रात के अंधेरे में गिरफ्तार किया गया और राजभवन के पीछे के दरवाजे से ले जाया गया।
कल्पना मुर्मु सोरेन ने संगीन आरोप लगाते हुए यह भी कहा है कि कहीं न कहीं इस षड्यंत्र में राजभवन भी शामिल था।
कल्पना सोरेन ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को तार-तार करने वाली तानाशाही ताकतों को मुंहतोड़ जवाब दिया जायेगा।
बता दें कि रांची के बड़गाईं अंचल में कथित तौर पर 8.8 एकड़ जमीन की अवैध दस्तावेजों के सहारे खरीद-फरोख्त के आरोपों में ईडी ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को 31 जनवरी को लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया था।
इससे पहले उनसे 20 जनवरी को भी पूछताछ हुई थी। उक्त केस में पूर्व मुख्यमंत्री को ईडी ने 10 समन भेजा था।
झारखंड मुक्ति मोर्चा शुरुआत से ही इसे राजनीतिक विद्वेष के तहत की गई कार्रवाई बताता है।
हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद, उनकी पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन ने सार्वजनिक राजनीतिक जीवन में कदम रखा।
पहले तो उनको ही मुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा थी, लेकिन परिवार के भीतर विरोध और तकनीकी दिक्कतों की वजह से ऐसा नहीं किया गया।
कल्पना फिलहाल, गांडेय विधानसभा उपचुनाव में झामुमो की प्रत्याशी हैं और लोकसभा चुनाव में भी इंडिया गठबंधन में झामुमो की तरफ से स्टार प्रचारक हैं।
वह लगातार सभाएं करती हैं। लोगों से मिलती हैं। सार्वजनिक मंचों से दहाड़ती हैं। बीजेपी और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोलती हैं।
इस दौरान कल्पना मुर्मू सोरेन ने मुंबई, दिल्ली और फिर रांची में इंडिया गठबंधन की 3 बड़ी रैलियों की संबोधित किया है।
इकोनॉमिक्स टाइम्स को दिए गये इंटरव्यू में कल्पना मुर्मू सोरेन ने उक्त बातें कही हैं। उन्होंने कहा है कि यदि ईडी या फिर कोई भी जांच एजेंसी हमारे घर में सामने से घुसती है तो उसे सामने से ही निकलना भी चाहिए।
चोर दरवाजे से नहीं। कल्पना मुर्मू सोरेन लगातार जनता के बीच हेमंत सोरेन का पक्ष लेकर जाती हैं। आरोप लगाती हैं कि हेमंत सोरेन को बीजेपी ने षड्यंत्र कर जेल भेजा।
इसे भी पढ़ें