Priyanka Gandhi:
नई दिल्ली,एजेंसियां। संसद के मानसून सत्र के बीच कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि “माननीय न्यायाधीशों के प्रति पूरा सम्मान रखते हुए मैं कहना चाहती हूं कि वे यह तय नहीं करते कि सच्चा भारतीय कौन है। विपक्ष के नेता का कर्तव्य है कि वह सरकार से सवाल पूछे।”
प्रियंका गांधी की टिप्पणी
प्रियंका गांधी ने यह टिप्पणी उस वक्त की, जब सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी से तल्ख लहजे में सवाल पूछे। अदालत ने राहुल से पूछा था कि उन्हें यह कैसे पता चला कि चीन ने भारत की जमीन पर कब्जा कर लिया है, और बिना सबूत ऐसा बयान क्यों दिया। प्रियंका ने कहा कि राहुल गांधी सेना का गहरा सम्मान करते हैं और वे कभी भी सेना के खिलाफ कुछ नहीं कहेंगे। उन्होंने इसे बयान की “गलत व्याख्या” करार दिया।
क्या है मामला?
यह विवाद राहुल गांधी द्वारा 9 दिसंबर 2022 को भारत-चीन सैन्य झड़प पर दिए गए बयान से जुड़ा है। इस मामले को लेकर उनके खिलाफ निचली अदालत में समन जारी किया गया था, और राहुल ने सुप्रीम कोर्ट में इसके खिलाफ याचिका दाखिल की थी। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने यह भी पूछा कि राहुल गांधी ऐसे मुद्दों को संसद में उठाने की बजाय सोशल मीडिया पर क्यों उठाते हैं। अदालत ने कहा कि अगर वे सच्चे भारतीय हैं, तो इस तरह के बयान नहीं देने चाहिए।
प्रियंका गांधी की यह टिप्पणी राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई है और विपक्ष बनाम न्यायपालिका की बहस को एक नया मोड़ दे रही है।
इसे भी पढ़ें
कालकाजी की सड़कों को प्रियंका गांधी के गाल जैसा बनाएंगे: रमेश बिधूड़ी का विवादित बयान