गिरिडीह। झारखंड विधानसभा चुनाव के बीच JMM को तगड़ा झटका लगा है। गिरिडीह के जमुआ में JMM नेता गीता हाजरा ने BJP जॉइन कर लिया।
गीता हाजरा पूर्व विधायक दिवंगत बलदेव हाजरा की बहू हैं। दिवंगत बलदेव हाजरा तीन बार जमुआ से विधायक रह चुके थे।
बाबूलाल और अन्नपूर्णा देवी ने कराया ज्वाइनः
बीती रात BJP के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के सामने गीता हाजरा ने भजपा की सदस्यता ग्रहण की।
BJP में शामिल होने के बाद गीता हाजरा ने कहा कि झामुमो में उन्हें लगातार उपेक्षित किया जा रहा था। JMM के सीनियर नेताओं ने तीन-तीन बार जमुआ विधानसभा सीट से टिकट देने का भरोसा दिया था, पर एक बार भी टिकट नहीं दिया गया।
गीता ने कहा कि उनकी और उनके परिवार की उपेक्षा लगातार की जाती रही ऐसे में उन्हें लगा कि उसकी प्रतिष्ठा भाजपा में ही बचेगी।
गीता को सदस्यता दिलाने के बाद बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा सभी सीटों पर मजबूत है। लोगों के जुड़ने से संगठन को और भी बल मिल रहा है।
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में महिलाओं को पूरा सम्मान मिलता है। गीता को भी सम्मान दिया गया।
बता दें कि गीता हाजरा जमुआ विधानसभा क्षेत्र की जानी-मानी नेता हैं और इलाके में इनकी बढ़िया पकड़ है। गीता हाजरा क्षेत्र में दो बार जिला परिषद सदस्य भी रह चुकी हैं।
इसे भी पढ़ें
झारखंड विस चुनावः फर्स्ट फेज में NDA-INDIA के बीच मुकाबला, इनकी प्रतिष्ठा दांव पर