न्यूनतम तापमान में 7 डिग्री की गिरावट
रांची। राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में शीतलहर का कहर जारी है। कई जिलों में कोहरा भी सुबह-सुबह छा रहा है। आलम यह है कि दो दिनों पहले हुई बूंदाबांदी के बाद ठंड बढ़ गई है।
वहीं बादल छंटने के साथ ही कनकनी बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के मुताबिक न्यूनतम तापमान में सात डिग्री तक की गिरावट आई है।
अगले चार दिनों तक यही स्थिति
अगले चार दिनों तक इस कनकनी का असर बरकरार रहने वाला है। उत्तर पश्चिमी दिशा से आ रही ठंडी हवा की वजह से यह परिवर्तन देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग ने दी चेतावनी
रांची सहित पूरे राज्य में कनकनी के कहर को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र ने यलो अलर्ट जारी किया है। अहले सुबह और शाम ढलते ही कनकनी अपना असर दिखाना शुरू कर देती है। इस वजह से लोगों का सुबह-सुबह और देर शाम घर से बाहर निकलना दूभर हो गया है।
स्कूलों के समय बदले
बढ़ते ठंड को देखते हुए राज्य सरकार ने भी स्कूलों के समय में भी बदलाव कर दिया है। 25 जनवरी तक केजी से पांचवीं तक के क्लास सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक चल रहे हैं। वहीं क्लास छह से 12वीं तक के स्कूल सुबह नौ बजे से तीन बजे तक चल रहा है।
सुबह में यात्रा से परहेज करें
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक कोहरे का असर कई जिलों में रहने वाला है। सुबह-सुबह विजिबिलिटी काफी कम रहेगी। ऐसा अगले तीन से चार दिनों तक रहेगा। ऐसे में सुबह-सुबह सफर करने वालों को विजिबिलिटी क्लियर होने के बाद निकलने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में कोहरे का असर
देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, गिरिडीह, जामताड़ा, साहेबगंज, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी में कोहरे का असर देखने को मिल रहा है।
इसे भी पढ़ें

