चोरी की आरोपी महिलाओं को मस्जिद में बांध कर पिटाई, गरमाया मामला

3 Min Read

रांची। रांची में चोरी की आरोपी तीन महिलाओं की मस्जिद में बांध कर पिटाई करने का मामला सामने आया है।

कांके थाना क्षेत्र के सुकुरहुट्टू में चोरी के आरोप में तीन महिलाओं को बांधकर पिटाई की गई है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

गांव वालों ने महिलाओं को इतनी बुरी तरह से पीटा है कि वे चल भी नहीं पा रही हैं। पूरे शरीर में जख्म के निशान हैं। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांके पुलिस हरकत में आई।

कांके पुलिस ने महिलाओं को खोज निकाला। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि सुकुरहुट्टू की मंसूरी पंचायत ने गांव की दो महिलाओं पर चोरी का आरोप लगाते हुए उन्हें लाठी-डंडे से पीटकर गांव से तड़ीपार करने की सजा सुनाई थी।

इसके बाद पंचायत के लोग न सिर्फ दोनों महिलाओं, बल्कि उनके परिवार के लोगों को भी सुकुरहुट्टू मीनार मस्जिद ले गए, जहां एक महिला को रस्सी से पिलर से बांधकर बेरहमी से पीटा गया, जबकि एक महिला के पति को भी जमकर पीटा गया।

जानकारी के अनुसार महिला पर रांची के मेन रोड स्थित एक कपड़ा दुकान में चोरी का आरोप लगा था। इसकी जानकारी सुकुरहुट्टू के ग्रामीणों को मिली।

इस मामले को लेकर सुकुरहुट्टू में पंचायत बैठी। बैठक में महिला को भी बुलाया गया। पंचायत में महिला से चोरी की बात कबूल करायी गयी। महिला ने स्वीकार किया कि वह मेन रोड पर चोरी करते पकड़ी गयी थी।

इसके बाद पंचायत ने उसे सजा सुनाई। फैसला होते ही महिला और उसके परिवार वालों को सीधे मस्जिद ले जाया गया, जहां उनकी जमकर पिटाई की गई।

महिला भीड़ से हाथ जोड़कर माफी मांगती रही लेकिन भीड़ में मौजूद लोगों को दोनों महिलाओं पर जरा भी दया नहीं आई। महिला को बचाने के लिए कोई आगे नहीं आया।

पंचायत के लोगों का आरोप है कि दोनों महिलाएं सालों से चोरियां कर रही थीं। वे रांची के मेन रोड, पिठोरिया समेत कई जगहों पर चोरी करते पकड़ी भी गयी थी। पिठोरिया में चोरी करते पकड़े जाने पर उन्हें जेल भी भेजा गया था।

इसके बावजूद महिलाओं ने चोरी करना नहीं छोड़ा। कांके थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा ने कहा है कि पीड़ित महिलाओं के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पंचायत ने महिलाओं को मुंह खोलने पर पूरे परिवार को गांव से बाहर निकालने की धमकी भी दी है।

इसे भी पढ़ें

हीरो नंबर-1 गोविंदा की फिर से पॉलिटिक्स में एंट्री

Share This Article
Exit mobile version