पटना। बिहार की राजधानी पटना और दरभंगा में NIA और ATS की छापेमारी के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। PFI से जुड़े मामले में पटना के फुलवारीशरीफ और दरभंगा के बहेड़ा थाना क्षेत्र में रविवार को रेड हुई थी। दरभंगा के बहेड़ा थाना क्षेत्र के गाजियाना गांव और छोटकी बाजार में छापेमारी के दौरान कई अहम सबूत हाथ लगे।
NIA ने एक संदिग्ध युवक हबीबुल्लाह को हिरासत में लेकर देर रात तक पूछताछ की। वह पटना में मदरसा में पढ़ाई करता है और अरबी भाषा को ट्रांसलेट करने में माहिर है। NIA को उसके ISI से संपर्क होने का भी लीड मिली है। सोमवार को NIA सूत्रों से पता चला उसका कनेक्शन आतंकी संगठन जमात-उल-दावा से है। यह खुलासा उसके मोबाइल से हुआ है। इससे पहले रविवार को देर रात पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया था। अब NIA ने उसे 11 जुलाई को पटना पूछताछ के लिए बुलाया है।







