इडी से बचने के लिए क्या-क्या जतन कर रहे अफसर और कारोबारी

2 Min Read

रांची। ईडी का खौफ इन दिनों झारखंड के अधिकारियों और व्यापारियों के सिर चढ़कर बोल रहा है। इस खौफ से निजात पाने के लिए कोई अनुष्ठान करा रहा है, तो कुछ ज्योतिषीय समाधान के लिए ज्योतिषियों के चक्कर लगा रहे हैं। कुछ अधिकारी जहां ज्योतिषी की सलाह पर गरीबों को खिचड़ी खिला रहे हैं, तो कई गाय को रोटी खिलाने और शनिवार को शनि महाराज को तेल चढ़ाने जैसे कार्य कर रहे हैं। ईडी के डर ने अधिकारियों और व्यापारियों में भक्ति भाव भी जगा दिया है।

दुर्गा चालीसा के पाठ के अलावा कई व्यापारी तो तंत्र-मंत्र का भी टोटका करा रहे हैं। दरअसल, जिस तरह से ईडी के जाल में फंसकर दो आइएएस अधिकारियों को जेल जाना पड़ा है और विष्णु अग्रवाल समेत कई व्यवसायियों पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है, उससे अधिकारियों और व्यापारियों की जान सूख रही है।

उन्हें डर है कि कहीं ईडी का फंदा पता नहीं कब किसके गले पड़ जाए। मनरेगा घोटाला हो या झारखंड का शराब घोटाला या फिर माइनिंग घोटाला, जिस किसी अधिकारी या व्यवसायी की इनमें इन्वॉल्वमेंट हैं. वो परेशान है। ऐसे दलाल भी परेशान हैं जो कहीं न कहीं इन घोटालों के किंगपिन से जुड़े हुए हैं।

इन सबको समाधान की तलाश है और वह समाधान उन्हें ज्योतिषियों और बाबाओं की शरण लेने को मजबूर कर रहा है। ज्योतिषी और तांत्रिकों का तंत्र-मंत्र इनके ईडी के डर को कम कर पायेगा या नहीं ये तो भविष्य के गर्भ में है, पर इतना तो अभी दिख रहा है कि ईडी का खौफ अधिकारियों और व्यापारियों के सर पर भूत की तरह चढ़ा हुआ है और उनका वर्तमान इस खौफ से हलकान-परेशान है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं