Virat and Rohit in Ranchi: रांची में विराट-रोहित ने फैंस के साथ की मस्ती, प्रैक्टिस में बहाया पसीना

2 Min Read

Virat and Rohit in Ranchi:

रांची। रांची में क्रिकेट की दीवानगी सिर चढ़ कर बोल रही है। गुरुवार को ही देर शाम तक भारत और साउथ अफ्रीका के खिलाड़ी रांची पहुंच रहे हैं। बता दें कि रांची में 30 नवंबर को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच सीरीज का पहला वन डे मैच खेला जायेगा। इसे लेकर क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर है।

यह उत्साह इसलिए भी दोगुना हो गया है कि विराट कोहली, रोहित शर्मा और ऋतुराज गायकवाड दो दिन पहले ही रांची पहुंच चुके हैं। गुरुवार को ये सभी खिलाड़ी प्रैक्टिस करने जेएससीए स्टेडियम पहुंचे। यहां खिलाड़ियों के दीदार के लिए सैकड़ों फैन्स पहले से ही मौजूद थे। भारी सुरक्षा के बीच खिलाड़ियों को स्टेडियम के अंदर ले जाया गया, जहां विराट और रोहित ने करीब चार घंटे तक पसीना बहाया। इस दौरान क्रिकेट फैन्स ने अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की बैटिंग प्रैक्टिस का खूब लुत्फ उठाया।

विराट कोहली और रोहित शर्मा ने कई फैन्स को ऑटोग्राफ भी दिये। विराट ने युवा फैन्स के साथ हंसी मजाक भी किया और खूब मस्ती की।
कई बार ऐसा हुआ कि रोहित-विराट के शॉट पर गेंद बाउंड्री के बाहर चली गई, तो फैंस में गेंद को पकड़ने की होड़ मच जाती। बहरहाल टीम इंडिया के बाकी खिलाड़ी और साउथ अफ्रीका के प्लेयर्स गुरुवार शाम तक रांची पहुंच रहे हैं। फिर दोनों टीमें 28 एवं 29 नवंबर इसी स्टेडियम में प्रैक्टिस करेंगी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।

Share This Article