लातेहार में बन रहे डैम में डूबने से दो नाबालिगों की मौत [Two minors died due to drowning in the dam being built in Latehar]

2 Min Read

लातेहार, एजेंसियां। लातेहार के बालूमाथ प्रखंड से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। खबर के मुताबिक आज रविवार को दो नाबालिगों की डैम में डूबने से मौत हो गई है।

दोनों नाबालिग रहमत नगर-बालूमाथ के हरिजन टोला के रहने बाले थे। वहीं ये दुर्घटना बालूमाथ प्रखंड के उजरनाटांड़ टोले में बन रहे बनियो डैम की है। जिसमें डूबने से दो नाबालिगों की मौत हो गयी है।

मृतकों की पहचान अफरोज अंसारी (12 वर्ष) पिता महबूब अंसारी और रूपेश भुइयां (13 वर्ष) पिता विजय भुइयां के रुप में की गई है। मृतक अफरोज बालूमाथ बेसिक स्कूल की छठा कक्षा का छात्र था, जबकि रूपेश उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय हरिजन टोला की चौथी कक्षा में पढ़ता था।

डैम में नहाने गए थे दोनों नाबालिग

रविवार को छुट्टी होने के कारण हरिजन टोले के चार-पांच बच्चे डैम की ओर खेलने गये थे। इसी दौरान दोनों बच्चे नहाने के लिए डैम में उतरे और गहरे पानी में चले गये। देखते ही देखते दोनों बच्चे पानी में डूबने लगे। साथ गये अन्य बच्चों ने उन्हें डूबता देख हल्ला किया।

बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण वहां पहुंचे। डैम से दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया। तत्काल उन्हें बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां चिकित्सक डॉ सुरेंद्र कुमार ने दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।

घटना के बाद बालूमाथ पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए लातेहार भेज दिया है। घटना के बाद परिजन बेसुध हैं। रो-रोकर उनका बुरा हाल है।

ग्रामीणों ने बताया कि अफरोज के पिता गांव में घूमकर पापड़ बेचने का काम करता है। रूपेश के पिता ओडिशा में मजदूरी करते है।

इसे भी पढ़ें

धुर्वा डैम में हादसा, दो बच्चे डूबे

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं