बहुत कुछ कहता है इरफान अंसारी का ये भावुक पोस्ट

3 Min Read

रांची। जामताड़ा के कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी का एक भावुक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह पोस्ट उनके दिल का दर्द बयां कर रहा है।

पोस्ट में तो उन्होंने चंद शब्द कहे हैं, लेकिन, उसके मायने गहरे हैं। कांग्रेस विधायक का यह पोस्ट क्या चंपई सोरेन मंत्रिमंडल को लेकर किया गया है।

यही सवाल आज झारखंड की सियासी फिजा में तैर रहा है। लोग कयास लगा रहे हैं कि क्या इरफान अंसारी रेस से बाहर हो गये हैं।

इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया एक्स पर शेयर किये अपने पोस्ट में लिखा है कि ‘ये दुनिया बाजार गद्दारों का है साहब यहां हुनर के नहीं चापलूसी के सिक्के चलते है।‘

इरफान के इस छोटे से पोस्ट ने झारखंड के सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। सभी यही कयास लगा रहे हैं कि आखिर इन शब्दों के पीछे छिपा क्या है।

दिल की गहराइयों से निकली ये बात किसे लेकर कही गई हैं। बात उनके लिए जिन्हें वे अपना कहते हैं, बात उनके लिए जिनसे उन्होंने बड़ी-बड़ी उम्मीदें भी पाल रखी थीं।

यह झारखंड इस समय राजनीतिक उलझनों में उलझा है। हेमंत सोरेन की सरकार जाने के बाद चंपई सोरेन सरकार के सामने अभी मंत्रिमंडल विस्तार सबसे बड़ी चुनौती है।

झारखंड सरकार में मंत्रिमंडल गठन के लिए की कवायदें चल रही हैं। कई विधायक इस उम्मीद में हैं कि शायद उनकी किस्मत में छींका टूट जाये।

ऐसे ही उम्मीदवारों में जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी भी हैं। इन्होंने तो भरी महफिल में अपने नाम का इजहार भी कर दिया था।

ये किस पोस्ट के लिए फिट हैं, वह भी बता दिया था। साफ-साफ कहा था कि वह सिर्फ एमबीबीएस ही नहीं, एमडी भी हैं। उनसे बेहतर स्वास्थ्य विभाग कोई चला ही नहीं सकता।

पर लगता है कि उनके सपनों को किसी कि नजर लग गई है। और अब दिल के अरमां आंसुओं में बहने वाली भावुक बातें सोशल मीडिया पर पोस्ट की जा रही हैं।

इसे भी पढ़ें

16 फरवरी को कोयला श्रमिकों का हल्ला बोल उद्योगों के निजीकरण के विरोध में राष्ट्रव्यापी आंदोलन

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं