जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामकाज और गारंटी पर भरोसा जताया : डॉ अरुण उरांव

2 Min Read

रांची : भाजपा के वरिष्ठ  नेता और असम के सह प्रभारी डॉ अरुण उरांव ने चार राज्यों छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और राजस्थान में आये चुनावी नतीजों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामकाज और गारंटी पर भरोसा जताया है।

श्री उरांव ने कहा कि तीन राज्यों छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान के रुझानों में भाजपा को स्पष्ट बढ़त दिख रही है। तेलंगाना में भी भाजपा का प्रदर्शन अच्छा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में वे  करीब महीना भर रहकर काम कर चुके हैं। लोग वहां भ्रष्टाचार से तंग आ चुके हैं और उनका सरकार से भरोसा उठ गया है। वहां भाजपा ने महतारी वंदन योजना चलायी। योजना के तहत हर विवाहित महिला को भाजपा की सरकार बनने पर हर महीने 1000 रुपये देने की बात कही गयी।

योजना के लिए पूरे छत्तीसगढ़ में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर फार्म भरा। करीब पचास लाख महिलाओं ने फार्म भरा। इसके अलावा महिलाओं को मोदी जी की गारंटी पर भरोसा था। जिन महिलाओं ने फार्म भरा था, उन्होंने चुनाव में बढ़-चढ़कर वोट भी दिया। तेलंगाना की बात करें तो वहां भाजपा का कोई मजबूत स्ट्रक्चर नहीं रहा। वहां कांग्रेस और बीआरएस ही मजबूत स्थिति में रहे। ऐसे में वहां भी भाजपा का प्रदर्शन अच्छा ही कहा जायेगा।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं