अल नीनो दिखायेगा अपना जलवा, रहें तैयार
रांची। गर्मियों की शुरुआत हो गई है। इस बार फाल्गुन माह से ही दोपहर में तीखी धूप का अहसास होने लगा है।
यह अलग बात है कि सुबह और शाम में गुलाबी ठंडक रहती है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें, तो मार्च से मई तक भीषण गर्मी पड़ने वाली है।
इस दौरान आसमान से आग बरसेगी। भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि देश से सर्दी की विदाई के बाद मार्च से मई तक कुम्हलाने वाली गर्मी पड़ने जा रही है।
इस दौरान देश के अधिकतर राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को देश में गर्मी को लेकर अलर्ट जारी किया।
विभाग के अनुसार, इस साल गर्मी के मौसम में शुरुआत से ही तापमान अधिक रहेगा। मौसम विभाग ने इसके लिए पूरे मौसम में अल नीनो प्रभाव पड़ने की आशंका जताई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2024 में भारत के ज्यादातर हिस्सों में मार्च से मई के बीच अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा।
आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक गर्मी वाले दिनों की भविष्यवाणी की गई है।
इसके अलावा महाराष्ट्र और ओडिशा के कई हिस्सों में भी यही हालात देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, उन्होंने मार्च में सामान्य से अधिक बारिश (लगभग 117 प्रतिशत से अधिक) दर्ज होने की आशंका जताई है।
महापात्र ने बताया कि अल नीनो का प्रभाव गर्मी के मौसम में दिखेगा। जून से उसके प्रभाव में कमी की संभावना है।
अल नीनो की स्थितियां मानसून तक जारी रहने की संभावना है। मार्च में उत्तर और मध्य भारत में हीटवेव की स्थिति की उम्मीद नहीं है, लेकिन उसके बाद स्थिति में बदलाव के आसार हैं।
बता दें कि अल नीनो के प्रभाव से प्रशांत महासागर में पानी अधिक गर्म हो जाता है।
मौसम विभाग की तरफ से, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना में हीटवेव वाले दिनों की संख्या में बढ़त की बात कही गई है।
महाराष्ट्र के कई इलाकों और ओडिशा के कुछ हिस्सों में लू के दिन बढ़ने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें
विश्व एथलेटिक्स इंडोर चैंपियनशिप: क्रिश्चियन कोलमैन ने 60 मीटर रेस का खिताब जीता









