रांची। झारखंड के हजारों छात्रों ने शुक्रवार को जेएसएससी कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। छात्र परीक्षा लिये जाने की मांग को लेकर जेएसएससी के खिलाफ लगातार नारेबाजी करते रहे।
लगातार जेएसएससी द्वारा एक के बाद एक परीक्षा या तो कैंसिल की जा रही है या विज्ञापन जारी ही नहीं किया जा रहा। इन्ही सब बातों से छात्र नाराज थे। प्रदर्शन के दौरान छात्रों में गजब का जोश और आक्रोश देखने को मिला।
चेयरमैन से मांगा इस्तीफा
झारखंड विधानसभा का सत्र शुक्रवार से ही शुरू हुआ और दूसरी तरफ छात्र प्रदर्शन करने सड़क पर उतरे। छात्रों की मांग थी कि आयोग अलग-अलग विज्ञापन निकालें, उत्पाद सिपाही का विज्ञापन निकाले और सीजीएल की परीक्षा ली जाए।
प्रदर्शन के दौरान कोई भी छात्र नेता आंदोलन में नहीं दिखा, बल्कि जो छात्र घंटों-घंटो लाइब्रेरी में बैठकर पढ़ते हैं वे आंदोलन कर रहे थे। छात्रों का कहना था कि या तो आयोग जल्द से जल्द विज्ञापन निकाले, नहीं तो चेयरमैन इस्तीफा दे। बताते चलें कि इस आंदोलन की तैयारी काफी समय से की जा रही थी।







