SOUTH ASIAN GAMES: रांची में होंगे SOUTH ASIAN GAMES ,6 देशों के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

2 Min Read

SOUTH ASIAN GAMES:

रांची। रांची एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेलों की मेज़बानी के लिए पूरी तरह तैयार है। 24 से 26 अक्टूबर तक मोरहाबादी स्थित एथलेटिक स्टेडियम में साउथ एशियन (सैफ) गेम्स का भव्य आयोजन होगा। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में भारत सहित कुल छह देशों बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल और श्रीलंका के लगभग 300 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और 150 तकनीकी अधिकारी भाग लेंगे। पाकिस्तान इस आयोजन में शामिल नहीं होगा।

राज्य के खेल मंत्री

राज्य के खेल मंत्री 17 अक्टूबर को प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ करेंगे और साथ ही इस कार्यक्रम के मैस्कॉट का अनावरण भी किया जाएगा। झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव और भारतीय ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष मधुकांत पाठक ने बताया कि यह आयोजन झारखंड के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि इससे राज्य के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव मिलेगा और उन्हें ओलंपिक स्तर के खिलाड़ियों से सीखने का मौका मिलेगा।खास बात यह है कि इस प्रतियोगिता में 40 से 50 ओलंपियन खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे, जो स्थानीय और उभरते खिलाड़ियों के लिए बड़ी प्रेरणा बनेंगे।

तैयारियां अंतिम चरण में

खेल निदेशक शेखर जमुआर के अनुसार, आयोजन की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्टेडियम की तकनीकी मरम्मत, रंग-रोगन और सफाई कार्य अंतिम चरण में हैं। वहीं, प्रशासन ने ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष योजना तैयार की है। खेल मंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं और टीमें लगातार काम में जुटी हैं।

यह आयोजन दीपावली से पहले झारखंडवासियों के लिए एक बड़ा उपहार साबित होगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस सैफ गेम्स से न सिर्फ राज्य की खेल पहचान मजबूत होगी, बल्कि यह झारखंड के खेल इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ने वाला आयोजन होगा।

इसे भी पढ़ें

Commonwealth Games: अहमदाबाद में होगा 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स, आइए डालते भारत के टॉप मेडलिस्ट खिलाड़ियों पर एक नजर


Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं