ज्वेलरी दुकानदार की दिलेरी देख पिस्टल छोड़ भागे लुटेरे

3 Min Read

रांची। राजधानी रांची के अरगोड़ा इलाके की एक ज्वेलरी शॉप में लूट का प्रयास विफल हो गया। घटना बुधवार की है।

अरगोड़ा थाना क्षेत्र के कटहल मोड़ स्थित एक ज्वेलरी शॉप में डकैती के इरादे से कुछ अपराधी घुसे थे। इनमें से एक ने पिस्टल निकाला और दुकान में लूट की कोशिश शुरू कर दी। पर अपराधी विफल रहे।

लूट के प्रयास के दौरान असफल होता देख ये लुटेरे पिस्टल छोड़ भाग निकले। लूटपाट का यह प्रयास गोल्ड प्लाजा नामक ज्वेलरी दुकान में किया गया।

अपराधियों के लूटपाट की कोशिश का एक वीडियो भी सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद रांची के सिटी एसपी राजकुमार मेहता मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

अपराधियों की जानकारी जुटाते हुए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। घटना दोपहर साढ़े 12 बजे के करीब की बताई जा रही है।

सिटी एसपी राजकुमार मेहता ने भी दुकानदार की दिलेरी की तारीफ की। कहा कि दुकानदार की दिलेरी के कारण अपराधी अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके।

उन्होंने बताया कि जब दुकानदार और उनके स्टाफ हिम्मत जुटा कर अपराधी से भिड़ गये। अंत में अपराधी एक पिस्टल और बाइक छोड़ कर भाग गए। उन्होंने कहा कि टीम को एक्टिव कर दिया गया है।

घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी कर अपराधियों को दबोचने की कोशिश की जा रही है। घटना स्थल पर डीएसपी हटिया सहित अरगोड़ा, पुंदाग और पंडरा ओपी प्रभारी भी पहुंच गये हैं।

इस पूरे वारदात का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। लगभग दो मिनट के वीडियो में दिख रहा है कि ज्वेलरी दुकान में तीन अपराधी बैठे हैं।

वे सभी ग्राहक बन कर पहुंचे थे। सभी ने चेहरे पर मास्क लगा रखा है। कुछ ही देर में अपराधी उठते हैं और दुकानदार और उनके स्टाफ पर पिस्टल तान देते हैं।

इसी बीच अपराधियों और दुकानदार के बीच हाथापाई होती है। दुकानदार को हावी होता देख अपराधी एक पिस्टल छोड़ कर भाग जाते हैं।

इसे भी पढ़ें

विमान गिरने की घटना को लेकर रक्षा मंत्रालय गंभीर, जांच के आदेश

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं