बिहार-झारखंड सीमा पर बढ़ेगी सुरक्षा, प्लान तैयार

3 Min Read

देवघर। लोकसभा चुनाव को लेकर बिहार-झारखंड बॉर्डर सीलिंग और कानून-व्यवस्था संबंधी बैठक देवघर परिसदन में हुई।

बैठक की अध्यक्षता संथाल परगना आयुक्त लालचन्द डाडेल एवं भागलपुर सह मुंगेर आयुक्त संजय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की।

इस दौरान चुनाव में अशांति फैलाने वाले शरारती तत्वों पर विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया। बैठक में नशीले पदार्थ और जाली नोट की तस्करी पर सख्ती से निपटने की चर्चा हुई।

बैठक में सीमावर्ती वाले इलाकों में पड़ने वाले बूथों पर विशेष चौकसी बरतने, चेक नाका पर विशेष चेकिंग अभियान चलाने और बॉर्डर वाले जंगली क्षेत्रों में संयुक्त रूप से एलआरपी चलाने की योजना बनाई गई।

साथ ही मतदान के 48 घंटा पूर्व से ही चुनाव क्षेत्र में बाहरी मतदाता एवं बाहरी नेता को क्षेत्र से बाहर रखने के साथ-साथ बार्डर सिलिंग पर चर्चा की गई।

संताल परगना के आयुक्त लालचन्द डाडेल ने सोशल मीडिया निगरानी के अलावा संचार की व्यवस्था के साथ आपसी समन्वय स्थापित करने पर बल दिया।

उन्होंने बिहार राज्य में शराब बंदी के मद्देनजर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही। नशीले पदार्थ एवं जाली नोट जैसे तस्करी पर सख्ती से निपटने की बात हुई।

भागलपुर आयुक्त संजय कुमार सिंह ने कहा कि चुनाव के दौरान सीमावर्ती राज्य एवं जिलों के थानों के बीच आपसी समन्वय को सुढृढ़ करने के साथ उड़न दस्ता दल को भी प्रतिनियुक्त किया जाएगा।

अपराधियों व अभियुक्तों के सीमावर्ती दूसरे जिले में आवागमन पर रोक के साथ ऐसे असामाजिक तत्वों का ब्यौरा साझा करने की बात कही गई।

चुनाव के समय सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी के साथ शांतिपूर्ण व भयमुक्त वातारण में चुनाव खत्म कराने की बात दुहरायी ताकि शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व भयमुक्त माहौल में निर्वाचन से जुड़े कार्यों को संपन्न कराया जा सके।

उपायुक्त विशाल सागर ने सभी जिला के उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक का स्वागत करते हुए कहा कि यह बैठक अंतरराज्यीय व अंतर जिला की बैठक लोकसभा आम चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था व शांतिपूर्ण मतदान को लेकर मुख्य रूप से आयोजित की गई है।

बैठक में यह भी तय हुआ कि सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जाएगा। साथ ही वैसे अपराधियों की सूची का आदान-प्रदान हुआ, जो अपराध कर एक राज्य से दूसरे राज्य में भागे हुए हैं।

वैसे अपराधियों को गिरफ्तार करने को लेकर अभियान चलाने का भी फैसला लिया गया।

इसे भी पढ़ें 

विदेशी महिला के साथ हुए गैंगरेप के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं