Saranda IED Blast: पश्चिमी सिंहभूम में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान 2 CoBRA जवान घायल

2 Min Read

Saranda IED Blast

रांची। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान रविवार दोपहर आईईडी विस्फोट की घटना सामने आई। मनोहरपुर प्रखंड के बालिबा गांव के पास करीब दो बजे हुए विस्फोट में CoBRA बटालियन 209 के कांस्टेबल अलख दास गंभीर रूप से घायल हो गए।

क्षेत्र में सुरक्षा बलों की सतर्कता बढ़ी

घायल जवान को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान उसी इलाके में करीब साढ़े तीन बजे दूसरा आईईडी विस्फोट हुआ, जिसमें CoBRA के ही कांस्टेबल नारायण दास घायल हो गए। लगातार दो विस्फोटों के बाद क्षेत्र में सुरक्षा बलों की सतर्कता और बढ़ा दी गई है। दोनों घायल जवानों को कड़ी मशक्कत के बाद जंगल से बाहर निकाला गया और हेलीकॉप्टर से रांची एयरलिफ्ट किया गया।

रांची के राज अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए दिल्ली रेफर कर दिया है। जानकारी के अनुसार सोमवार को एयर एंबुलेंस से दोनों जवानों को दिल्ली भेजा जाएगा। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और अतिरिक्त बलों की तैनाती के साथ निगरानी बढ़ा दी गई है।

Share This Article