Bihar Elections:
गढ़वा, एजेंसियां। बिहार के सासाराम विधानसभा से राजद प्रत्याशी सत्येंद्र साह को अरेस्ट कर लिया गया है। उन्हें झारखंड के गढ़वा में बैंक लूट मामले में अरेस्ट किया गया है। रोहतास के एसडीपीओ टू कुमार वैभव के मुताबिक सासाराम से राजद प्रत्याशी सत्येंद्र साह को नामांकन के बाद गिरफ्तार किया गया है।
उन्हें न्यायिक हिरासत में गढ़वा लाया गया है। पुलिस सोमवार को उन्हें गढ़वा लेकर आई। पुलिस लगभग 10 गाड़ियों के साथ उन्हें गढ़वा लेकर पहुंची। जहां सदर थाना पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। उन्हें मंगलवार 21 अक्टूबर को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
2004 में बैंक डकैती करने का है आरोपः
जानकारी के मुताबिक प्रत्याशी सत्येंद्र साह गढ़वा थाना क्षेत्र के चर्चित वर्ष 2004 के बैंक डकैती कांड के नामजद अभियुक्त हैं। सत्येंद्र साह पर गढ़वा शहर के चिरौंजिया मोड़ स्थित बैंक की राशि लूटने का आरोप है। यह मामला वर्षों से लंबित था।
गढ़वा पुलिस के मुताबिक इस डकैती मामले में न्यायालय से सत्येंद्र साह के खिलाफ स्थायी वारंट (लाल वारंट) जारी था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस अभियुक्त के खिलाफ विभिन्न थानों में 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और धमकी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
राजनीतिक दबाव में गिरफ्तारी का आरोपः
सत्येंद्र साह के समर्थकों का कहना है कि यह गिरफ्तारी राजनीतिक दबाव में की गई है। उनका आरोप है कि चुनावी मौसम के चलते विपक्षी दलों के दबाव में पुलिस ने कार्रवाई की, ताकि उनके नेता की राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके।
वहीं, पुलिस का कहना है कि यह सिर्फ कानून की कार्रवाई है और पुराने आपराधिक मामले में गिरफ्तारी की गई है। इस गिरफ्तारी के बाद गढ़वा जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पुलिस इसे कानून के पालन की कार्रवाई बता रही है, जबकि राजद समर्थक इसे राजनीतिक षड्यंत्र करार दे रहे हैं।
इसे भी पढ़ें

