Driver molested: ड्राइवर ने की छेड़खानी, तो चलती ऑटो से छात्रा ने लगा दी छलांग

2 Min Read

Driver molested:

रांची। रांची में एक ऑटो ड्राइवर ने छात्रा के साथ छेड़खानी की, जिससे बच्ची की जान जाते-जाते बची। घटना अनगड़ा-हुंडरू फॉल मार्ग पर घटी। बताया जा रहा है कि ऑटो चालक द्वारा आपत्तिजनक हरकत किए जाने के बाद छात्रा ने चलते ऑटो से छलांग लगा दी। इससे उसे गंभीर चोटें आईं हैं। फिलहाल उसका इलाज शालिनी अस्पताल में चल रहा है। घटना गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे की है। पीड़िता ने इस संबंध में अनगड़ा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी है।

ऑटो चालक ने जबरन ले जाने की कोशिश कीः

छात्रा हाहे गांव से ऑटो में सवार हुई थी। अनगड़ा चौक के पास एक अन्य महिला भी ऑटो में बैठी। छात्रा ने जब एक निजी विश्वविद्यालय के गेट के पास ऑटो रुकवाने को कहा, तो चालक ने वाहन नहीं रोका। कुछ देर बाद दूसरी महिला शालिनी अस्पताल के पास उतर गई, लेकिन चालक ने छात्रा को वहां भी नहीं उतरने दिया। इसके बाद आरोपी चालक, जिसकी पहचान महेशपुर निवासी सनवर खान उर्फ गुल्लू के रूप में हुई है, ने कथित तौर पर छात्रा का पैर पकड़ लिया और कहा कि उसे कहीं नहीं उतरने दिया जाएगा और जबरन हुंडरू फॉल चलने को कहा। घबराई छात्रा ने तत्काल चलते ऑटो से छलांग लगा दी।

ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल, आरोपी फरारः

छलांग लगाने से छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने उसे तत्काल पास के शालिनी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। अनगड़ा थाना प्रभारी हीरालाल साह ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर पोक्सो एक्ट और अन्य संगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

इसे भी पढ़ें

Air India Express: दुबई-जयपुर फ्लाइट में एयर होस्टेस से छेड़छाड़, विमान में शराब पी रहे पैसेंजर को महिला क्रू मेंबर ने रोका था 

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं