रांची। दीपावली पर राजधानी रांची जगमग हो गई। रांचीवासियों ने अपने-अपने द्वार और मुंडेर को दीयों व बिजली की रंग-बिरंगी बल्बों से सजाया और संवारा। सुंदर बंदनवार व रंगोली से सजावट की गई।
उत्सवी तरंग में महिलाओं और बच्चों की उमंग के क्या कहने। नए-नवेले कपड़ों में बच्चों की हुलस गली-चौबारे की दमक दोगुनी कर दी।
दुल्हन की तरह सजी थी राजधानीः
दीपावली पर पूरा शहर रोशनी से जगमग हो उठा। गलियां और चौक-चौराहे भी सज गए। रोशनी से नहाई राजधानी की मनमोहक छवि देखते ही बन रही थी। दीपावली में बिजली की कमी से खुशियों में खलल न पड़े, इसके लिए जेबीवीएनएल ने भी पूरी तैयारी कर रखी थी।
बिजली कर्मियों को अलर्ट मोड में रखा गया था। दीपावली के दौरान राजधानी के हर इलाके में निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश थे।
व्हाट्सएप नंबर और कंट्रोल रूम में थी व्यवस्थाः
दीपावली में बिजली से संबंधित कोई भी शिकायत होने पर विभाग के व्हाट्सएप नंबर 9431135682 और कंट्रोल रूम 0651-2490014 पर सूचना देने की व्यवस्था थी।
विभाग के अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया था।
किसी भी शिकायत या आपातकालीन सूचना के लिए संबंधित जोन के अधिकारी मुस्तैद रहे।
280 मेगावाट तक खपत, विभाग ने की थी तैयारीः
जेबीवीएनएल के अनुमान के मुताबिक, सामान्य दिनों में डिमांड 240 से 260 मेगावाट की खपत होती है। जबकि, दीपावली के दिन बिजली की खपत 260 से 280 मेगावाट तक पहुंच गई थी। इसे ध्यान में रखते हुए सेंट्रल एक्सचेंज से मांग पूरी करने की व्यवस्था पहले ही कर ली गई थी।
इसे भी पढ़ें
झारखंड में ठंड और कोहरे की दस्तक, 5 नवंबर तक छाए रहेंगे बादल
