Rain alert in Jharkhand: झारखंड के 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 4 दिन में सामान्य से 277% ज्यादा बारिश

Juli Gupta
3 Min Read

Rain alert in Jharkhand:

रांची। झारखंड में बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र से बने ट्रफ के कमजोर होने के बावजूद कई जिलों में भारी बारिश जारी है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पाकुड़, साहिबगंज, गोड्डा और दुमका में आज सोमवार को भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में वज्रपात का भी खतरा है। वहीं राजधानी रांची में 10 अक्टूबर तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

4 दिन में हुई 277% ज्यादा बारिशः

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 से 4 अक्टूबर के बीच झारखंड में सामान्य से 277% अधिक बारिश हुई। इस अवधि में राज्य में औसतन 58.9 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य औसत 15.6 मिमी है।
बोकारो में 51.9 मिमी, धनबाद में 14.4 मिमी और जमशेदपुर में 52.4 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से कई गुना अधिक है। रांची में भी चार दिनों में 32 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो अक्टूबर के सामान्य औसत का आधा है।

बारिश ने कई जिलों में मचाई तबाहीः

लगातार हो रही बारिश ने कई जिलों में तबाही मचाई है। गढ़वा जिले में भवनाथपुर प्रखंड के 38 कच्चे मकान गिर गए, कई पुल-पुलिया और बांध क्षतिग्रस्त हो गए।
मेराल में बिजली सब स्टेशन पर ठनका गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। जामताड़ा के नारायणपुर में पुलिया टूट गई और दो कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए। गुमला में सब्जियों और धान की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, जिससे किसान चिंतित हैं।

अगले छह दिन तक बारिश से राहत नहीः

मौसम विभाग के अनुसार 6 अक्टूबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। वहीं 7 से 10 अक्टूबर तक भी कहीं-कहीं बारिश का सिलसिला जारी रहेगा और यलो अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि 12 अक्टूबर तक मानसून विदाई की संभावना नहीं है।

इसे भी पढ़ें

Heavy rain alert in Ranchi: रांची समेत कई जिलों में आज भी भारी बारिश का अलर्ट

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं