Durga Puja 2025: रांची पर चढ़ा दुर्गोत्सव का रंग, खुलने लगे पंडाल

4 Min Read

Durga Puja 2025:

रांची। रांची दुर्गा पूजा के रंग में लीन हो गई है। शहर दुल्हन की तरह सज चुका है। हर गली, चौक-चौराहा रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगा रहा है। बीते गुरुवार को बूटी मोड़ स्थित महाश्क्ति दुर्गा पूजा समिति और जिला स्कूल स्थित रामलला पूजा समिति के पंडाल आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये गये।

खुलने लगे पंडालः

आज शुक्रवार को रांची के कई प्रमुख पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे। पंडालों के पट खुलते ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

गुरुवार को खुले दो प्रमुख पंडालः

गुरुवार को श्री रामलला दुर्गा पूजा समिति और महाशक्ति दुर्गा पूजा समिति के पंडाल श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। पट खुलते ही भक्त माता रानी के दर्शन और पंडाल की भव्य सजावट देखने के लिए उमड़ पड़े।

आज खुलेंगे 8 प्रमुख पंडालः

शुक्रवार को शहर के आठ प्रमुख पूजा पंडालों के पट खोले जाएंगे। इनमें बकरी बाजार, हरमू पंच मंदिर, रांची रेलवे स्टेशन, आरआर स्पोर्टिंग क्लब, राजस्थान मित्र मंडल और चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति जैसे बड़े पंडाल शामिल हैं। सभी पंडालों का उद्घाटन शाम के समय किया जाएगा।

बकरी बाजार में दिखेगा अंकोरवाट मंदिर का स्वरूपः

भारतीय युवक संघ द्वारा बनाए गए बकरी बाजार के पूजा पंडाल का उद्घाटन शाम 5 बजे किया जाएगा। इस बार नारी शक्ति को सम्मान देते हुए 31 कन्याओं को देवी का रूप मानकर उनका पूजन कर उद्घाटन किया जाएगा। पंडाल का डिजाइन कंबोडिया के प्रसिद्ध अंकोरवाट मंदिर पर आधारित है और इसे पूरी तरह प्राकृतिक सामग्री से तैयार किया गया है।

हरमू पंच मंदिर में दिखेगा वृंदावन का प्रेम मंदिरः

हरमू पंच मंदिर में बनाए गए भव्य पूजा पंडाल का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शाम 7 बजे करेंगे। इस पंडाल में वृंदावन के प्रेम मंदिर की झलक देखने को मिलेगी। विद्युत सजावट और कारीगरी के माध्यम से कृष्ण लीला को जीवंत रूप दिया गया है।

चंद्रशेखर आजाद समिति का पंडाल जीवन यात्रा पर आधारितः

मेन रोड स्थित चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति का पंडाल ‘मानव जीवन की यात्रा’ विषय पर आधारित है। शाम 6 बजे केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह और आजसू प्रमुख सुदेश महतो द्वारा इसका उद्घाटन किया जाएगा। पंडाल में भ्रूण से मृत्यु तक की जीवन यात्रा को कलात्मक ढंग से दर्शाया गया है।

ओसीसी क्लब में आध्यात्मिक यात्रा की थीमः

बंगला स्कूल परिसर में ओसीसी क्लब द्वारा बनाए गए पूजा पंडाल का उद्घाटन उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री शाम 7 बजे करेंगे। पंडाल की थीम त्रिदेवों – ब्रह्मा, विष्णु और महेश की त्रिआयामी ऊर्जा पर आधारित है। पंडाल की सजावट दक्षिण भारतीय शैली की लकड़ी की मूर्तियों और फाइबर की कलाकृतियों से की गई है।

रेलवे स्टेशन पर दिखेगा तिरुपति बालाजी मंदिरः

रांची रेलवे स्टेशन परिसर में बनाए गए पूजा पंडाल का उद्घाटन शाम 6:30 बजे विशिष्ट अतिथियों द्वारा किया जाएगा। यह पंडाल तिरुपति बालाजी मंदिर के डिजाइन पर आधारित है। दक्षिण शैली में बनी दीवारों की मूर्तियां और 40 फीट ऊंची हनुमान जी की प्रतिमा यहां का प्रमुख आकर्षण है।

27, 28 और 29 को भी खुलेंगे कई पंडालः

शुक्रवार के बाद 27, 28 और 29 सितंबर को भी शहर के अन्य पंडालों के पट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। पूरे रांची में इन दिनों भक्तिमय माहौल है और दुर्गा पूजा का रंग हर ओर दिखाई दे रहा है।

इसे भी पढ़ें

Durga Puja 2025: रामलला और बूटी मोड़ पूजा के पट खुले, कई के आज खुलेंगे, कहां बना कौन-सा पंडाल

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं