Dhoni record his statement:
रांची। 100 करोड़ के मानहानी मामले में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी जल्द बयान दर्ज करायेंगे। मामले की सुनवाई जल्द शुरू होने जा रही है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल सट्टेबाजी प्रकरण में उनका नाम घसीटने को लेकर मामला दर्ज कराया है। उन्होंने मामले में 100 करोड़ रुपये की मानहानि का दावा ठोका है।
हाईकोर्ट ने दिया मुकदमा शुरू करने का आदेशः
इस संबंध में मद्रास हाईकोर्ट ने मुकदमे की सुनवाई शुरू करने का आदेश दिया है। जस्टिस सी.वी. कार्तिकेयन ने इस मामले में एक एडवोकेट कमिश्नर की नियुक्ति की है, जो धोनी की ओर से सबूतों की रिकॉर्डिंग करेगा। बता दें कि वर्ष 2013 में आईपीएल सट्टेबाजी और स्पॉट फिक्सिंग कांड सामने आया था। इसके बाद 2014 में एम.एस. धोनी ने यह मानहानि का मुकदमा दायर किया था, जिसमें उन्होंने 100 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की थी।
धोनी के आरोपः
धोनी का आरोप है कि एक टेलीविजन डिबेट के दौरान उनके खिलाफ झूठे और मानहानिकारक बयान दिए गए, जिससे उनकी छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा। द हिंदू की रिपोर्ट के अनुसार, धोनी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता पी.आर. रमन ने अदालत में एक हलफनामा दायर किया है, जिसमें मुकदमे की कार्यवाही जल्द शुरू करने की मांग की गई है। हलफनामे में कहा गया है, “यह अनुरोध मुकदमे में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी से बचने और निष्पक्ष, न्यायसंगत एवं शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है। मैं एडवोकेट कमिश्नर के साथ पूर्ण सहयोग करूंगा और अदालत द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का पालन करूंगा।”
एक दशक से लंबित था केसः
यह केस करीब एक दशक से लंबित था, क्योंकि इसमें शामिल पक्ष समय-समय पर राहत की मांग करते रहे हैं। अब न्यायालय के निर्देश के बाद मामले में सुनवाई होने जा रही है।
इसे भी पढ़ें
IPL 2025 के दौरान तंबाकू और शराब के विज्ञापनों पर लग सकता है प्रतिबंध








